शाहजहांपुर: लग्जरी कारों से करते थे चोरियां, 14 अंतरराज्यीय बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुलिस टीम ने रविवार को अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाशों के 15 सदस्यों को जलालाबाद रोड पर खैरपुर को जाने वाले रास्ते पर मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से करीब तीस लाख रुपये कीमत के आभूषण, 23450 की नगदी, तीन लग्जरी कारें, बाइक, सात मोबाइल, 10 तमंचे बरामद …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। पुलिस टीम ने रविवार को अंतरराज्यीय गिरोह के बदमाशों के 15 सदस्यों को जलालाबाद रोड पर खैरपुर को जाने वाले रास्ते पर मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से करीब तीस लाख रुपये कीमत के आभूषण, 23450 की नगदी, तीन लग्जरी कारें, बाइक, सात मोबाइल, 10 तमंचे बरामद किए हैं।
बदमाशों में दो गैंग लीडर हैं, जिनमें एक बरेली और दूसरा मदनापुर का है। यह सभी गढिया रंगीन के सुनार धर्मेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू की दुकान पर माल बेचते थे। मुखबिर की सूचना पर सीओ तिलहर ने गैंगके खुलासे को कटरा, तिलहर, खुदागंज, जैतीपुर, गढ़ियारंगीन, एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया था। खुलासा करने वाली टीम को एडीजी की ओर से एक लाख रुपये इनाम की घोषणा की गई है।
एसपी एस आनंद ने बताया कि जलालाबाद थाने के सिपाही के पास एक फोन आया, एक बहुत बड़ा गैंग जो नकबजनी करके चोरी आदि घटनाओं को अंजाम देता है, वह दो गाड़ियों फतेहगंज पूर्वी से कटरा होकर गुजरने वाले हैं। गैंग में करीब 15 लोग लोग शामिल हैं। इस पर सिपाहियों ने संबंधित थाना पुलिस को सूचना देने के साथ ही मामले की जानकारी उन्हें व अन्य अधिकारियों को दी।
चूंकि दो गाड़ी में 15 लोग थे, इसलिए एएसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी के पर्यवेक्षण व सीओ तिलहर परमानंद के निर्देशन में भारी फोर्स के साथ गैंग की घेराबंदी का प्लान तैयार किया गया। इसमें मीरानपुर कटरा पुलिस के अलावा एसओजी, तिलहर, खुदागंज, जैतीपुर, गढ़ियारंगीन व सर्विलांस टीम को लगाया गया। रविवार सुबह करीब 5:15 बजे जलालाबाद रोड पर खैरपुर को जाने वाले कच्चे रास्ते पर पुलिस टीम की गैंग से मुठभेड़ हो गई।
जिसमें पुलिस ने गैंग लीडर बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव अकट निवासी सुखपाल, थाना जलालाबाद के गांव रघुनाथपुर निवासी मुनीश कुमार उर्फ त्यागी, थाना गढ़िया रंगीन निवासी सुनार धर्मेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू,थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव समधा नगरिया निवासी मिशरार, निसार, नाज मोहम्मद, गैंग लीटर थाना मदनापुर के गांव इस्लामनगर पंखाखेड़ा निवासी साने आलम, मिदरी, इकबाल, बदायूं के थाना हजरतपुर के मौजमपुर गढिया पैगंबरपुर निवासी अनीस, थाना गढ़िया रंगीन के गांव मरेना निवासी वसुदेव, थाना हजरतपुर के गांव गढ़िया पैगंबरपुर निवासी इरफान, थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव नगरिया कला निवासी आमिन, लखीमपुर खीरी के थाना संगई निवासी अतीक को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए लोगों के पास से करीब तीस लाख रुपये कीमत के आभूषण, 23450 रुपये की नगदी, दो कार, बाइक, सात मोबाइल, 10 तमंचे, आला नकब लोहा, दो पेंचकस बरामद हुए हैं। पकड़े गए लोगों ने पुवायां में गुटैया फार्म में सिख फार्मर के यहां और मदनापुर, सीतापुर, प्रतापगढ़,वाराणसी, गोरखपुर, महाराजगंज, बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान में चोरी की घटना कबूल की।

गैंग सदस्यों पर एक दर्जन से अधिक दर्ज हैं अपराधिक मामले
पकड़े गए लोगों में मिदरी के खिलाफ मदनापुर, कटरा, पुवायां, निगोही,कलान, सदर बाजार, सीतापुर के थाना महोली, पिसावा, सिंधौली में विभिन्न धाराओं में 21 अपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं अतीक के खिलाफ कन्नौज के थाना तिरूआ, लखीमपुर खीरी के थाना निघासन, सिंघाई, कटरा, पुवायां, निगोही, कलान, सदर बाजार, सीतापुर के थाना महोली, थाना पिसावा, सिधौली में विभिन्न धाराओं में 18 अपराधिक मामले दर्ज हैं। निसार के खिलाफ कन्नौज के थाना तिरूआ, कटरा,पुवायां, निगोही, कलान, सदर बाजार, सीतापुर के थाना महोली, थाना पिसावा, सिधौली में विभिन्न धाराओं में 16 अपराधिक मामले दर्ज हैं। साने आलम, मुनीश, नाज मोहम्मद, अजीज,धर्मेंद्र गुप्ता उर्फ कल्लू, मिशरार,सुखपाल अनीस,वसुदेव,इरफान, इकबाल, आमिन के खिलाफ इन्हीं थानों में एक दर्जन से अधिक अपराधिक मामले दर्ज हैं।
दीवार पर सीढ़ी लगाकर छत से पहुंचते थे घर के अंदर
पकड़े गए लोगो ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह लोग पहले घरों की रेकी करते थे और फिर रात में बाहरी किनारों पर स्थित अच्छे बने घरों में दीवार पर सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंचते थे और जीने के सहारे नीचे घर में पहुंच जाते थे। घर से नकदी जेवर चोरी कर लेते थे।
100 किमी. पहले बंद कर लेते थे मोबाइल
पूछताछ में गैंग के सदस्यो ने बताया कि उन्हें जहां घटना करनी होती थी, वहां से वह लोग 100 किमी. पहले अपने मोबाइल बंद कर लेते थे, ताकि उनके नंबरों को कोई ट्रेस न कर पाए।
डीजीपी ने दिया एक लाख इनाम
एसपी एस आनंद ने बताया कि चोर गैंग का खुलासा करने वाली टीम को एडीजी की ओर से एक लाख रुपये इनाम दिए जाने की घोषणा की गई है। उन्होंने बताया कि आपरेशन बंजारा अभियान को दोबारा चलाया जाएगा।
