अल्मोड़ा: रामनगर बद्रीनाथ हाइवे पर चरीक्यारी के पास कार दुर्घटनाग्रस्त
अल्मोड़ा,अमृत विचार। रामनगर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चरी क्यारी के पास सोमवार की देर शाम एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार मुरादाबाद निवासी एक डेंटर की मौत हो गई है। हादसे की खबर मंगलवार की सुबह लोगों को मिली। जिसके बाद थानाध्यक्ष भतरौंजखान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव …
अल्मोड़ा,अमृत विचार। रामनगर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चरी क्यारी के पास सोमवार की देर शाम एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार मुरादाबाद निवासी एक डेंटर की मौत हो गई है। हादसे की खबर मंगलवार की सुबह लोगों को मिली। जिसके बाद थानाध्यक्ष भतरौंजखान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को खाई से निकालकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फलोलागंज ठाकुरद्वारा मुरादाबाद निवासी राशिद (25) पुत्र भूरा चौखुटिया में डेंटिंग पेंटिंग का काम करता है। सोमवार की देर शाम काम निपटाने के बाद मौसम साफ देख वह कार संख्या डीएल-2-सीजे-3792 से मुरादाबाद की ओर रवाना हुआ। लेकिन रामनगर बद्रीनाथ हाइवे पर चरीक्यारी के पास उसकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी।
शाम का समय और सुनसान जगह होने के कारण किसी को हादसे का पता नहीं चला और गंभीर रूप से घायल राशिद मौके पर ही पड़ा रहा। मंगलवार की सुबह जब लोगों को हादसे का पता चला तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद थानाध्यक्ष भतरौंजखान अनीश अहमद टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन अत्यधिक चोट और रक्तस्राव होने के कारण राशिद तब तक दम तोड़ चुका था। पुलिस कर्मियों ने मृतक के शव को खाई से निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष अनीश अहमद ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
मदद मिलती तो बच सकती थी जान
अल्मोड़ा। चरीक्यारी के पास कार हादसे के बाद अगर समय से लोगों को घटना की जानकारी मिल गई होती और मृतक राशिद को तत्काल मदद मिल जाती तो शायद उसकी जान बच सकती थी। लेकिन राशिद को समय से मदद नहीं मिल पाई। उल्लेखनीय है कि रामनगर बद्रीनाथ हाइवे पर तमाम हादसों के बाद भी कोई सुरक्षात्मक उपाय नहीं किए गए हैं। जिस कारण इस मार्ग पर अक्सर सड़क हादसे सामने आते रहते हैं।
