हल्द्वानी: फैलता जा रहा नशे के सौदागरों का मकड़जाल ये है VVIP जिला नैनीताल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गौरव पांडेय, हल्द्वानी। कोरोना काल में नैनीताल जिला उड़ता पंजाब बना हुआ है। कोरोना काल में प्रतिबंधित मादक पदार्थो की खपत ज्यादा बढ़ गई है। कोरोना काल में पुलिस पौने चार सौ से अधिक नशा सौदागरों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि पिछले दो सालों के दौरान कुल मिलाकर पौने तीन सौ गिरफ्तारी हुई थी। …

गौरव पांडेय, हल्द्वानी। कोरोना काल में नैनीताल जिला उड़ता पंजाब बना हुआ है। कोरोना काल में प्रतिबंधित मादक पदार्थो की खपत ज्यादा बढ़ गई है। कोरोना काल में पुलिस पौने चार सौ से अधिक नशा सौदागरों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि पिछले दो सालों के दौरान कुल मिलाकर पौने तीन सौ गिरफ्तारी हुई थी। कोरोना काल में बरामद मादक पदार्थों की मात्रा भी बढ़ी है।

नैनीताल पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि कोरोना काल में अवैध मादक पदार्थो की खपत ज्यादा हुई। कोरोना काल में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीद-फरोख्त के मामले ज्यादा पकड़े गए। जिले के 14 थानों में से हर क्षेत्र में मादक पदार्थ की खेप पकड़ी गई। वर्ष 2018 में 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन वर्ष 2020 में यह आंकड़ा 229 पहुंच गया। वर्ष 2021 में इस माह जून तक ही 147 सौदागरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें स्थानीय स्तर पर नशा बेचने वालों के साथ ही उत्तरप्रदेश से जुड़े बड़े सप्लायर भी शामिल हैं। यही हालात रहे तो इस वर्ष पिछले वर्ष के कोरोना काल की तुलना में मादक पदार्थो की तस्करी और अवैध खरीद-फरोख्त का ग्राफ ओर बढ़ जाएगा।

मादक पदार्थो के पकड़े जाने और गिरफ्तारी के बढ़ते आंकडे़
वर्ष     दर्ज मामले         गिरफ्तारी
2018       71                74
2019      187               203
2020      206               229
2021 (वर्तमान तक) 133  147

नशे के कारोबार में महिलाएं भी शामिल
हल्द्वानी। हैरतअंगेज रूप से नशे के इस कारोबार में महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस पिछले तीन साल के दौरान नैनीताल जिले में 80 महिलाओं को मादक पदार्थों की तस्करी में गिरफ्तार कर चुकी है। इनके कब्जे से मादक पदार्थ बरामद हुए। बड़ी तादाद में महिलाओं की गिरफ्तारी से नशा कारोबारियों की गहरी होती जड़ें नजर आती हैं।

भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थो की हुई बरामदगी
हल्द्वानी। नशा कारोबारियों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ भी बरामद हुए। इस वर्ष अब तक नैनीताल जिले में 19 किलो से अधिक चरस, 21 किलो से अधिक गांजा, दो किलो से अधिक अफीम, आधा किलो से अधिक स्मैक के साथ ही नशीले इंजेक्शन और गोलियां जब्त कर चुकी है।

मादक पदार्थ की खपत के साथ बढ़ रहा आर्थिक अपराध
हल्द्वानी। मादक पदार्थो की खपत के साथ ही संपत्ति और आर्थिक अपराध भी बढ़ रहा है। उठाईगिरी, वाहन चोरी, गृहभेदन, जेबकतरी और छोटी-मोटी चोरियों का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। पुलिस की जांच में सामने आ रहा है कि कई वारदातें नशे की लत को पूरा करने के लिए अंजाम दी गई। पिछले वर्षो की तुलना में कोरोना काल में संपत्ति और आर्थिक अपराध तेजी से बढ़े हैं।

काफी युवा इलाज के लिए आ रहे उन्मूलन केंद्र
हल्द्वानी। क्षेत्र में नशा उन्मूलन के लिए सरकारी प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। क्षेत्र में नशा उन्मूलन के लिए एक भी सरकारी केंद्र नहीं है। हालांकि निजी तौर पर पांच संस्थाएं इस दिशा में काम कर रही हैं। इनके उन्मूलन केंद्र में हर माह दर्जनों पीड़ित आ रहे हैं। हाल ही में नैनीताल में मादक पदार्थों की तस्करी और खपत को देखते हुए सरकारी उन्मूलन एवं पुनर्वास केंद्र बनाने की योजना प्रस्तावित कर दी गई है।

पुलिस अवैध रूप से मादक पदार्थो की तस्करी और खरीद-फरोख्त की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बड़ी तादाद में मामले पकड़े जा रहे हैं और लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी हो रही है। पुलिस नशे के सौदागरों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस नशे की रोकथाम के लिए बकायदा एक अभियान चलाकर काम कर रही है।
प्रीति प्रियदर्शिनी, एसएसपी, नैनीताल

संबंधित समाचार