अल्मोड़ा: सल्ट में पिछले पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप, 80 गांव प्यासे
अल्मोड़ा, अमृत विचार। विकास खंड सल्ट में पिछले पांच दिनों से पेयजल संकट काफी गहरा गया है। बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त लाइनों को जहां विभाग अभी तक ठीक नहीं करा पाया है। वहीं टैंकरों से भी विभाग लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। सल्ट विकास खंड के 80 से …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। विकास खंड सल्ट में पिछले पांच दिनों से पेयजल संकट काफी गहरा गया है। बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त लाइनों को जहां विभाग अभी तक ठीक नहीं करा पाया है। वहीं टैंकरों से भी विभाग लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी उपलब्ध नहीं करा पा रहा है।
सल्ट विकास खंड के 80 से अधिक गांवों को गुलार करगेत पेयजल योजना के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। लेकिन बीते दिनों हुई बारिश के कारण इस योजना की लाइनें जगह जगह क्षतिग्रस्त हो गई। जिस कारण इन गांवों और कस्बों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। पेयजल आपूर्ति न होने के बाद अब लोग इधर उधर से जैसे तैसे पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। जन दबाव को देखते हुए विभाग ने एक टैंकर पानी की आपूर्ति के लिए लगाया तो है।
लेकिन उससे भी लोगों को जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि विभाग द्वारा कभी कभार एक टैंकर पानी भेजा जा रहा है। लेकिन वह एक कस्बे के लोगों के लिए ही पूरा नहीं पड़ रहा है। जबकि गांवों में रहने वाले लोगों को पिछले पांच दिनों से एक बूंद तक पानी नसीब नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों से शीघ्र योजना की मरम्मत की मांग की है ताकि आपूर्ति सुचारू हो सके। कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने अधिकारियों के घेराव की चेतावनी भी दी है।
