रुद्रपुर: सरकार का मानना, रुद्रपुर में नहीं एक भी दांत का मरीज, पढ़ें क्यों…
रुद्रपुर, अमृत विचार। सरकार और स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि रुद्रपुर में एक भी दांत का मरीज नहीं है। सुनकर थोड़ा हैरानी होगी, लेकिन उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय स्थित जवाहर लाल नेहरु जिला अस्पताल में जाकर तो ऐसा ही लगता है। यहां एक भी दंत चिकित्सक अभी मौजूद नहीं है। शायद अस्पताल प्रबंधन …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सरकार और स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि रुद्रपुर में एक भी दांत का मरीज नहीं है। सुनकर थोड़ा हैरानी होगी, लेकिन उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय स्थित जवाहर लाल नेहरु जिला अस्पताल में जाकर तो ऐसा ही लगता है। यहां एक भी दंत चिकित्सक अभी मौजूद नहीं है। शायद अस्पताल प्रबंधन के लिए रुद्रपुर में किसी व्यक्ति को दांतों की समस्या ही नहीं है। तभी तो डॉक्टर की तैनाती को लेकर विभाग की ओर से सुस्ती छाई हुई है।
करीब चार लाख आबादी वाले शहर के लिए चिकित्सकों की कमी स्वास्थ्य विभाग के साथ ही यहां के वाशिंदों के लिए भी चिंता का विषय है। यहां तैनात दंत चिकित्सक डॉ. रवि भट्ट तीन दिन किच्छा व तीन दिन यहां ड्यूटी देते थे। मगर डॉ. भट्ट के किसी परीक्षा की तैयारी पर जाने के कारण एक बार फिर जिला अस्पताल में दंत चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं।
बाहरी खान-पान के कारण शरीर के साथ दांतों की समस्या बढ़ने लगी है। ऐसे में जिला अस्पताल से दंत चिकित्सक की गैरमौजूदगी विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। नगर निवासी रुद्र के मुताबिक वो बीते तीन दिनों से दांत के दर्द से पीड़ित है, उन्होंने निजी अस्पतालों की लूट से बचने के लिए जिला अस्पताल में इलाज कराने का मन बनाया था, लेकिन जिला अस्पताल में दंत चिकित्सक मौजूद नहीं है। जिला अस्पताल के प्रबंधक डॉ. अजय वीर सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में दंत चिकित्सक का तीन दिन का कार्य रहता है, लेकिन यहां तैनात चिकित्सक के छुट्टी पर जाने के कारण समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर वार्ता कर नए दंत चिकित्सक की तैनाती के प्रयास किए जा रहे हैं।
