लखीमपुर खीरी: 20 बीघा जमीन के लिए की सास की हत्या
फरधान/लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव बैदनपुरवा में मंगलवार की रात आम के बाग में बुजुर्ग महिला की गला रेतकर की गई हत्या मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि महिला की हत्या उसके दामाद ने 20 बीघा जमीन के लालच में की थी। पुलिस ने …
फरधान/लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव बैदनपुरवा में मंगलवार की रात आम के बाग में बुजुर्ग महिला की गला रेतकर की गई हत्या मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि महिला की हत्या उसके दामाद ने 20 बीघा जमीन के लालच में की थी। पुलिस ने हत्यारोपी दामाद को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
गांव बैदनपुरवा निवासी कलावती (70) रोज की तरह मंगलवार की शाम भी अपने आम की बाग की रखवाली कर रही थी। देर शाम उसकी चाकू से गर्दन रेतकर हत्या कर दी गई थी। मृतका के गांव निवासी भांजे हरगोविंद की तहरीर पर पुलिस ने गांव किशनुवापुर निवासी महिला के इकलौते दामाद मुनीश कुमार वर्मा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने घटना के एक घंटे के भीतर नामजद आरोपी मुनीश को पचपेड़वा तिराहे से दबोच लिया और उसे थाने लाकर पूछताछ की।
प्रभारी निरीक्षक विमल गौतम ने बताया कि हत्यारोपी मुनीश कुमार वर्मा ने बताया कि पत्नी राजेश्वरी देवी के इकलौती संतान होने के कारण शादी के बाद करीब नौ साल पत्नी के साथ ससुराल में रहा। सास के पास 20 बीघा जमीन थी जिसकी वसीयत सास ने पत्नी राजेश्वरी देवी के नाम कर दी थी। तब से खेत लगातार ठेका बटाई पर चल रहा था।
पत्नी मायके में ही रह रही है। मुनीश खेत को राजेश्वरी के नाम बैनामा कराने का दबाव बना रहा था। कलावती बैनामा कराने के लिए राजी नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। महीने भर पहले मुनीश नाराज होकर अपने पैतृक गांव चला आया और यहीं रहने लगा।
मंगलवार दोपहर वह बैदनपुरवा गांव पहुंचा और सास से खाली पड़े खेत को ठेके पर देने और पत्नी के नाम बैनामा कराने की बात कही। इस पर उसका फिर सास से विवाद हो गया। वह नाराज होकर घर लौट आया। देर शाम वह फिर वापस आया और आम के पेड़ बचा रही सास की गर्दन चाकू से रेतकर हत्या कर दी और भाग गया।
प्रभारी विमल गौतम ने बताया की आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को चालान कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
