बरेली: मॉडल प्रश्न पत्र तैयार, आज होगा जारी
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षा का मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कर लिया है। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने प्रश्नपत्र को अनुमोदन दे दिया है। गुरुवार को इसे छात्रों के लिए जारी कर दिया जाएगा। एक विषय के सभी प्रश्नपत्रों के एक प्रश्नपत्र में सभी पाठ्यक्रम से प्रश्न …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षा का मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कर लिया है। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने प्रश्नपत्र को अनुमोदन दे दिया है। गुरुवार को इसे छात्रों के लिए जारी कर दिया जाएगा। एक विषय के सभी प्रश्नपत्रों के एक प्रश्नपत्र में सभी पाठ्यक्रम से प्रश्न पूछे जाएंगे ताकि छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
शासन के निर्देश पर विश्वविद्यालय इस बार स्नातक द्वितीय व तृतीय और स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की परीक्षाओं का आयोजन करा रहा है। परीक्षा का समय डेढ़ घंटे निर्धारित किया गया है। स्नातकोत्तर में शिक्षकों की राय के बाद सभी प्रश्नपत्रों को कराने का निर्णय लिया गया। हालांकि, इसमें प्रश्नों की संख्या कम की जाएगी लेकिन स्नातक में सभी प्रश्नपत्रों को मिलाकर एक ही प्रश्नपत्र तैयार किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने इसी आधार पर 15 जुलाई से परीक्षा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। स्नातक का प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए भी परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने शिक्षकों के साथ बैठक की थी। उसके बाद प्रश्नपत्र का एक प्रारूप तैयार किया जाना था। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद छात्र लगातार मॉडल प्रश्नपत्र जारी करने की मांग कर रहे थे। छात्रों ने इसको लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
परीक्षा समिति की बैठक में भी मॉडल प्रश्नपत्र जारी करने का निर्णय लिया गया था लेकिन एक सप्ताह बाद भी प्रश्नपत्र जारी न होने से छात्र परेशान थे। बुधवार को परीक्षा नियंत्रक ने मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कर लिया। उसके बाद कुलपति ने भी इस प्रश्नपत्र को अनुमोदन दे दिया है। परीक्षा नियंत्रक और कुलसचिव ने भी मॉडल प्रश्नपत्र जारी करने को हस्ताक्षर कर दिए हैं। अब इसे छात्रों के लिए जारी कर दिया जाएगा।
यह होगा प्रारूप
मॉडल प्रश्नपत्र में सभी प्रश्नपत्रों का एक प्रश्नपत्र तैयार किया गया है। प्रश्नपत्र में एक दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछा जाएगा। छात्रों को दिक्कत न हो इसके लिए यदि एक विषय के तीन प्रश्नपत्र होते थे तो तीनों का एक-एक प्रश्न शामिल कर विकल्प दिया जाएगा। छात्र ने जिस पाठयक्रम की तैयारी की होगी, उसी आधार पर उत्तर दे सकेगा। इसी तरह से पांच अतिलघु प्रश्न पूछे जाएंगे जो सभी प्रश्नपत्रों से शामिल होंगे। इनमें भी विकल्प दिया जाएगा। इसी तरह से 10 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें से पांच को हल करना होगा। यह प्रश्न भी सभी प्रश्नपत्रों से लिए जाएंगे।
