बरेली: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बोले- देश के अन्य मंडलों में भी विकसित होगा गिरि ग्राम मॉडल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय पशु पालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह शुक्रवार को केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) पहुंचे। वहां उन्होंने सीएआरआई में वैज्ञानिकों की ओर से तैयार किया गया गिरिग्राम मॉडल देखा। साथ ही वैज्ञानिकों के साथ बैठकर चर्चा भी की। इस दौरान प्रधान वैज्ञानिकों ने बताया कि इस मॉडल के तहत …

बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय पशु पालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह शुक्रवार को केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) पहुंचे। वहां उन्होंने सीएआरआई में वैज्ञानिकों की ओर से तैयार किया गया गिरिग्राम मॉडल देखा। साथ ही वैज्ञानिकों के साथ बैठकर चर्चा भी की। इस दौरान प्रधान वैज्ञानिकों ने बताया कि इस मॉडल के तहत आधे खर्च पर जैविक अंडा तैयार होगा जो ज्यादा पौष्टिक होंगे। इससे कुक्कुट पालकों की आय में बढ़ोत्तरी होगी। वहीं, छोटे मुर्गी पालकों की संख्या भी बढ़ेगी।

सीएआरआई निदेशक डा. एके तिवारी ने बताया कि पोल्ट्री फार्म पर एंटी बायोटिक और कीटनाशक से तैयार दाने भी मुर्गे-मुर्गियों की डाइट में होते हैं। ऐसे में मुर्गियों का अंडा प्रोटीन के साथ मानव शरीर पर कुछ रासायनिक पदार्थों के माध्यम से प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है लेकिन गिरिग्राम मॉडल के तहत तैयार जैविक अंडे प्रतिकूल प्रभाव से मुक्त होंगे।

वहीं पौष्टिकता बढ़ाने में भी कारगर साबित होंगे। प्रोजेक्ट के नेतृत्वकर्ता प्रधान वैज्ञानिक डा. राजनारायण ने बताया कि गिरिग्राम मॉडल के तहत जैविक अंडों पर शोध के समय अंडों की अधिक पौष्टिकता का विशेष ध्यान रखा गया था, जिससे लघु मुर्गी पालक अपने व्यवसाय में बढ़ोत्तरी कर सकें। उन्होंने बताया कि मुर्गे-मुर्गियों के लिए प्राकृतिक आहार अधिक होने से उनके उत्पादन में बढ़ोतरी होगी।

6.5 करोड़ की परियोजना स्वीकृत
मंत्री ने बटेर फार्म देखकर बटेरों की प्रजाति की जानकारी ली। इसके बाद मोरंगा फार्म यानि गिरिग्राम टेक्नोलॉजी पार्क का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय कृषि विकास परियोजना के तहत केंद्र सरकार के पशु एवं मत्स्य पालन मंत्रालय ने 6.5 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की। इसके तहत एक एकड़ क्षेत्र में गिरिग्राम तकनीकी पार्क परियोजना के तहत देश के सात अलग-अलग हिस्सों में मॉडल विकसित किए जाएंगे। इस मॉडल में गिरिग्राम मॉडल से आधे खर्च पर जैविक अंडे मिलेंगे।

आज आईवीआरआई के केंद्रों में वीडियो कांफ्रेंसिंग पर होगी चर्चा
शनिवार को आईवीआरआई के रीजनल सेंटर के वैज्ञानिक और सीएआरआई के वैज्ञानिक वीडियो कांफ्रेसिंग करेंगे। इस दौरान आईवीआरआई में पशुओं को लेकर चल रही विभिन्न शोधों पर चर्चा की जाएगी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। रविवार सुबह नौ बजे रुहेलखंड महात्मा ज्योतिबाफुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आएंगे। यहां कुलपति से मुलाकात के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

संबंधित समाचार