नैनीताल: पर्यटन बहाल होने से दस प्रतिशत तक लौटा कारोबार, अगले एक माह में घाटे से उबरने की उम्मीद
नैनीताल, अमृत विचार। उत्तराखंड में आय का प्रमुख जरिया पर्यटन उद्योग है। पर्यटन व्यवसाय से हजारों लोगों को रोजगार मिलता है। कोरोना की वजह से पर्यटन व्यवसाय चौपट हो गया तो वहीं होटल भी बंद हो गए। अब फिर से पर्यटक आ रहे हैं। ऐसे में होटल कारोबारियों के चेहरे पर थोड़ी खुशी आई है। …
नैनीताल, अमृत विचार। उत्तराखंड में आय का प्रमुख जरिया पर्यटन उद्योग है। पर्यटन व्यवसाय से हजारों लोगों को रोजगार मिलता है। कोरोना की वजह से पर्यटन व्यवसाय चौपट हो गया तो वहीं होटल भी बंद हो गए। अब फिर से पर्यटक आ रहे हैं। ऐसे में होटल कारोबारियों के चेहरे पर थोड़ी खुशी आई है।
पिछले कुछ दिनों से पर्यटन कारोबार में फिर रौनक आई है। रविवार को नैनीताल में ही दस हजार पर्यटक पहुंचे हैं। नैनीताल ही नहीं आसपास के इलाकों में भी पर्यटक घूमने जा रहे हैं। रानीखेत, कौसानी, मुक्तेश्वर, भीमताल जैसे पर्यटन क्षेत्र भी पर्यटकों से गुलजार होने लगे हैं। पर्यटकों की बढ़ी आमद की वजह से होटलों में भी फिर से बुकिंग शुरू हो गई हैं। होटल में कर्मचारी वापस आने लगे हैं। होटल कारोबारियों के अनुसार व्यवसाय 10 प्रतिशत तक पटरी पर आ गया है। पिछले साल मार्च माह से शुरू हुआ कोरोना का असर अभी भी जारी रहा। हालांकि सर्दियों के मौसम में होटल कारोबार में कुछ रौनक आई थी, लेकिन इस बार जब पर्यटन सीजन शुरू हुआ तो उसी दौरान लॉकडाउन लग गया। ऐसे में होटल कारोबारियों के हाथ से गर्मियों के दो सीजन के कारोबार चले गए। जबकि गर्मियों के तीन माह में होटल व्यापारी साल भर का सत्तर प्रतिशत तक कारोबार कर लेते हैं। अब राज्य सरकार ने लॉकडाउन में ढील दी है। इस वजह से पर्यटकों के आने से होटल कारोबार फिर से पटरी पर आना शुरू हो गया है। हालांकि होटल कारोबारियों का कहना है कि होटल व्यवसाय को काफी लंबे दिनों तक घाटा उठाना पड़ा है। सरकार की ओर से भी कोई ज्यादा रियायत नहीं दी गई। ऐसे में अभी घाटे से उबरने में समय लगेगा। फिर भी होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि अगर कोरोना की तीसरी लहर में देरी होती है तो आने वाले कुछ माह में होटल कारोबार में उनके जो घाटा हुआ उसकी कुछ भरपाई हो जाएगी।
बिना सीजन के चला पर्यटन उद्योग
अमूमन पर्यटन सीजन अप्रैल से जून तक माना जाता है। लेकिन इस बार इस दौरान लॉकडाउन लगा रहा है। हालांकि स्कूल बंद होने से और कई दिनों तक घरों में बंद रहने की वजह से पर्यटक घूमने आ रहे हैं। इसका फायदा पर्यटन उद्योग को मिल रहा है।
नैनीताल दो दिनों के लिए बंद रहेगा। ऐसे में वीकेंड में ही पर्यटन कारोबार में तेजी आएगी। अभी शुरूआत देखकर अच्छा लग रहा है। अगर ऐसा ही कुछ माह तक और चले तो होटल कारोबारियों को राहत मिलेगी।- कमल जगाती, होटल कारोबारी, नैनीताल
पर्यटक आ रहे हैं। अच्छी बात है। सरकार ने लॉकडाउन में ढील दी है। इसका फायदा मिल रहा है। अब यह देखना है कि कोरोना की तीसरी लहर से पहले तक कितना कारोबार हो पाता है।-विकास पांडे, होटल कारोबारी, भुजियाघाट
