रुद्रपुर: 3.50 करोड़ की ठगी के मामले की जांच करेगी एसटीएफ कुमाऊं की टीम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। साइबर अपराधी आए दिन नये-नये तरीके ईजाद कर आम जनता की गाढ़ी कमाई की ठगी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला 6 जून को एसटीएफ के संज्ञान में आया है। जिसमें अपराधियों द्वारा हल्द्वानी, जिला नैनीताल निवासी एक व्यक्ति को रिलायंस लाइफ इन्श्योरेन्स पॉलिसी पूर्ण होने पर पॉलिसी की परिपक्वता धनराशि …

रुद्रपुर, अमृत विचार। साइबर अपराधी आए दिन नये-नये तरीके ईजाद कर आम जनता की गाढ़ी कमाई की ठगी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला 6 जून को एसटीएफ के संज्ञान में आया है। जिसमें अपराधियों द्वारा हल्द्वानी, जिला नैनीताल निवासी एक व्यक्ति को रिलायंस लाइफ इन्श्योरेन्स पॉलिसी पूर्ण होने पर पॉलिसी की परिपक्वता धनराशि को नये प्लान में निवेश करने पर मोटी कमाई का लालच दिया गया और उसके बाद दिसम्बर, 2017 से अब तक करीब 3 करोड़ पचास लाख रुपए की धनराशि की ठगी कर ली गई है।

वहीं साइबर अपराधियों द्वारा पीड़ित को वर्ष 2017 से अब तक लगातार कमाई का लालच दिया जाता रहा। जिससे पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का अहसास नहीं हो पाया। साइबर अपराधियों द्वारा पीड़ित को कमाई का विश्वास दिलाने के लिए 65 लाख रुपए का एक चेक भी भेजा गया, जिसे पीड़ित द्वारा बैंक में जमा कराने पर फर्जी पाया गया। इसके बाद फिर से अपराधियों द्वारा पीड़ित को विश्वास दिलाने के लिए ई-मेल के माध्यम से 4 करोड़ 76 लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट भी भेजा गया। जब पीड़ित को धनराशि नहीं मिली और अपराधी बहाने बनाकर नये नये नम्बरों से फोन कर उन्हें और धनराशि जमा करने को कहने लगे तब उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। उन्होनें इसकी शिकायत साइबर क्राइम पुलिस थाना में की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ, अजय सिंह ने बताया गया कि साइबर प्रकरण में संगठित साइबर अपराधी गिरोह के लिप्त होने की संभावना है। घटना की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए पीड़ित की शिकायत का त्वरित संज्ञान लेकर मामले में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर अभियोग की विवेचना प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना कुमाऊं परिक्षेत्र को सौंपी गई है।

साइबर सुरक्षा टिप्स

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ, उत्तराखण्ड अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि वह किसी भी प्रकार के इन्श्योरेन्स पालिसी व प्लान में पैसे दोगुने करने, लक्की ड्रॉ, डिस्काउन्ट, लॉटरी के प्रलोभन व अन्जान ऑनलाईन ट्रेडिंग एप के माध्यम से कम समय में अधिक कमाई करने के लालच में न आयें। पहले ऐसे किसी भी ऑफर की जांच कर लें। शक होने पर तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से सम्पर्क करें। किसी भी साईबर वित्तीय अपराध की सूचना 155260 नम्बर पर अवश्य दें।

संबंधित समाचार