गोरखपुर: बीएड प्रवेश परीक्षा पर डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने दिया यह बड़ा बयान
गोरखपुर। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया है कि आगामी 30 जुलाई को प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के दिन किसी भी अन्य परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर हाल में इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। गोरखपुर …
गोरखपुर। उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया है कि आगामी 30 जुलाई को प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के दिन किसी भी अन्य परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर हाल में इसका अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। गोरखपुर दौरे के दौरान मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुलसचिव, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, संयुक्त सचिव माध्यमिक शिक्षा और जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों की आगामी परीक्षा के दौरान सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।
परीक्षाओं को इस प्रकार सम्पन्न कराया जाय कि सुरक्षा व्यवस्था से सम्बन्धित कोई भी शिकायत नहीं आने पाए। नकल विहीन परीक्षा के आयोजन को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की जानी चाहिए। साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर कोविड-19 के गाइड लाइन का हर हालत में अनुपालन कराया जाए। महाविद्यालयों के प्रबंधकों के साथ भी बैठक करके कोविड–19 के गाइडलाइन का अनुपालन कराते हुए परीक्षा आयोजित करने की कार्ययोजना भी तैयार की जाए। कोविड के दृष्टिगत उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था अवश्य की जाए। परीक्षाओं की मानीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए।
उन्होंने मंडलायुक्त से कहा कि गोरखपुर मंडल के अन्य जिलों के सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर विश्वविद्यालय व महाविद्यालय की परीक्षा के लिए चाक चौबंद व्यवस्था की जाए। इसके लिए जिला प्रशासन से भी तालमेल स्थापित कर लिया जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की एक बार पुन: जांच कराने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की परीक्षा की अवधि अधिकतम डेढ़ घंटे ही रखी जाय।
उप मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि आगामी बीएड परीक्षा के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सफलतापूर्वक परीक्षा सम्पन्न कराई जानी चाहिए। बीएड परीक्षा के दौरान प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस की पर्याप्त तैनाती की जाय। उन्होंने निर्देशित किया कि ऑनलाइन क्लास के दौरान कम से कम आधे घंटे की अवधि में बच्चों को कोविड-19 के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मियों की कोविड से मृत्यु की स्थिति में मृतक आश्रित को नौकरी और बकाया देयों का तत्काल भुगतान करने का भी निर्देश दिया।
शोक संवेदनाएं की व्यक्त
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री, स्वतंत्र देव सिंह व सुनील बंसल, धर्मेंद्र सिंह के साथ रमापति राम त्रिपाठी के पैतृक आवास ग्राम झूडिया ब्लाक खजनी गोरखपुर पहुंचकर पूर्व सांसद शरद त्रिपाठी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पूर्व सांसद के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
