मुरादाबाद : हाईवे पर दिनदहाड़े तमंचे के बल पर पशु व्यापारी से सवा दो लाख लूटे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/भोजपुर, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा सटाकर पशु व्यापारी से 2.11 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। बदमाश पीड़ित का मोबाइल व बाइक की चाबी भी छीनकर ले गए। हालांकि बाइक को उन्होंने घटना स्थल पर ही छोड़ दिया। …

मुरादाबाद/भोजपुर, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा सटाकर पशु व्यापारी से 2.11 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। बदमाश पीड़ित का मोबाइल व बाइक की चाबी भी छीनकर ले गए।

हालांकि बाइक को उन्होंने घटना स्थल पर ही छोड़ दिया। पीड़ित ने राहगीर के मोबाइल से सिरसवां दोराहा चौकी पुलिस को सूचना दी, जिस पर विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी को साथ लेकर कुछ स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले। लेकिन, आरोपियों का कहीं सुराग नहीं मिला। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

गलशहीद थाना क्षेत्र के बकरी का अहाता निवासी मुशीर पुत्र जहीर कुरैशी पशुओं का व्यापार करते हैं। शुक्रवार को गोधी में पशुओं का मेला लगता है। सुबह नौ बजे वह 2.11 रुपये लेकर बाइक से घर से निकले थे। इस दौरान कटघर कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर से एक बाइक पर दो लोग उनका पीछा करने लगे। नैनीताल हाईवे पर चक बेगम पुल से निकलते ही श्रीसाई बाबा ढाबे के पास गड्ढे होने के चलते बाइक को धीमा किया।

मौके का फायदा उठाकर बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा सटाकर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनकी पेंट की जेब से रुपये भी निकाल लिए। विरोध करने पर मारपीट करने के साथ ही जान से मार देने की धमकी भी दी। इस दौरान बदमाश उनकी बाइक की चाबी और मोबाइल लेकर भोजपुर की तरफ भाग गए।

हालांकि वे बाइक अपने साथ नहीं ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने किसी राहगीर को रोककर घटना के बारे में बताकर फोन मांगा, जिसके बाद पीड़ित ने चौकी पुलिस को लूट की घटना के बारे में सूचना दी। सूचना पर भोजपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

लुटेरों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित
लूट की वारदात को अंजाम देने की सूचना मिलते ही सीओ ठाकुरद्वारा डॉ. अनूप कुमार यादव भी थाना पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने पीड़ित से घटना के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया। इसमें एक टीम आरोपियों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम करेगी। दूसरी टीम घटना के आसपास के संदिग्ध नंबरों को ट्रेस करने के लिए लगाई गई है। तीसरी टीम घटना को अंजाम देने वाले पुराने आरोपियों से पूछताछ के साथ ही संभावित स्थानों पर दबिश देने का काम कर रही है।

बदमाशों से हटा पुलिस का अंकुश
जनपद की पुलिस बदमाशों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। आए दिन लूट, चोरी, डकैती व हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। चार जुलाई को भी हथियारबंद बदमाशों ने कटघर कोतवाली क्षेत्र में पशु व्यापारी से साढ़े 10 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि पुलिस ने दो दिनों में ही घटना का खुलासा कर दिया था।

पुलिस पिकेट पर उठ रहे सवाल
हाईवे पर लूट जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस पिकेट लगाकर गश्त करने का दावा करती है। लेकिन, महज पांच दिन के अंदर पशु व्यापारियों से लूट की दो वारदातें पुलिसिया गश्त पर सवाल खड़ा कर रही हैं। यदि पुलिसकर्मी गश्त का काम बखूबी निभा रहे हैं तो बदमाश बेखौफ होकर दिनदहाड़े लूट की वारदातों को अंजाम कैसे दे पा रहे हैं, यह सवाल जनता के जेहन में बना हुआ है।

क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा डॉ. अनूप कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति पशु व्यापारी नहीं हैं। अवैध तरीके से मीट का काम करता है। हालांकि उसकी तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लूट की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

 

संबंधित समाचार