गदरपुर: मुख्यमंत्री से मुलाकात का हवाला दिया, लेकिन प्रधान नहीं मानें
गदरपुर, अमृत विचार। गदरपुर ब्लाक कार्यालय में 10 दिवसीय साकेतिक धरना-प्रदर्शन के नौवें दिन पांच ग्राम प्रधान भूख हड़ताल पर बैठे। प्रधानों ने ब्लाक कार्यालय में तालाबंदी की, जिससे कामकाज ठप हो गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राम प्रधानों के धरना प्रदर्शन के चलते जिला पंचायत राज अघिकारी धरना-स्थल पर …
गदरपुर, अमृत विचार। गदरपुर ब्लाक कार्यालय में 10 दिवसीय साकेतिक धरना-प्रदर्शन के नौवें दिन पांच ग्राम प्रधान भूख हड़ताल पर बैठे। प्रधानों ने ब्लाक कार्यालय में तालाबंदी की, जिससे कामकाज ठप हो गया।
इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राम प्रधानों के धरना प्रदर्शन के चलते जिला पंचायत राज अघिकारी धरना-स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्ता करवाने की बात कही, लेकिन ग्राम प्रधान नहीं माने। ग्राम प्रधानों ने कहा कि 12 जुलाई को जिले के समस्त ग्राम प्रधान रुद्रपुर में विकास भवन का घेराव करेंगे।
शुक्रवार को प्रधान संघ अध्यक्ष कवलजीत कौर के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों का धरना जारी रहा। पांच ग्राम प्रधान केतन कुमार (गुमचैया), मनोज देवराड़ी (कोपा), गुरविन्दर सिंह (कनकटा), लेखराज (खेमपुर), फुरकान अली (रामजीवनपुर) द्वारा पांच बजे तक भूख हड़ताल पर बैठ गये। अन्य ग्राम प्रधान सांकेतिक धरने पर बैठै रहे। धरना स्थल जिला पंचायत राज अधिकारी विद्या सिंह पहुंचे और ग्राम प्रधानों से वार्ता करते हुए कहा कि उनकी सचिव देहरादून से वार्ता हुई है।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान के पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल देहरादून में मुख्यमंत्री से वार्ता कर समस्या का समाधान हो सकेगा। इस पर ग्राम प्रधान नहीं माने। ग्राम प्रधानों ने चेतावनी दी कि यदि मांगे नहीं मानी गयी तो 12 जुलाई को जनपद के समस्त ग्राम प्रधान रुद्रपुर में विकास भवन का घेराव करेंगें। इसके बाद भी मांगे नहीं मानी गयी तो अगली रणनीति तैयार कर आगे की कार्यवाही की जायेगी। साकेतिक धरना प्रदर्शन करने वालों में सुनीता, निर्मला रानी, राजबाला, तारावती, भजन लाल, बिशन सिंह, शोमा विश्वास, दीपक पाल, सुन्दर गिरी, विक्रम सिंह आदि मौजूद थे।
