4जी डाउनलोड स्पीड में जियो तो अपलोड में वीआइ इंडिया आगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संजय सिंह, नई दिल्ली। रिलायंस जियो ने औसत 4जी डाउनलोड स्पीड के मामले में एयरटेल और वीआइ (वोडाफोन-आइडिया) को एक बार फिर भारी अंतर से मात दी है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) के हालिया आंकड़ों के मुताबिक जून में रिलायंस जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 21.9 एमबीपीएस मापी गई। पिछले माह यानी मई …

संजय सिंह, नई दिल्ली। रिलायंस जियो ने औसत 4जी डाउनलोड स्पीड के मामले में एयरटेल और वीआइ (वोडाफोन-आइडिया) को एक बार फिर भारी अंतर से मात दी है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) के हालिया आंकड़ों के मुताबिक जून में रिलायंस जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 21.9 एमबीपीएस मापी गई। पिछले माह यानी मई में जियो की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड 20.7 एमबीपीएस थी। बीते कई महीनों से रिलायंस की औसत डाउनलोड स्पीड लगातार बढ़ रही है।

रिलायंस जियो 4जी डाउनलोड स्पीड में लगातार नंबर वन की पोजीशन पर काबिज है। जून के आंकड़ें बताते हैं कि रिलायंस जियो की 4जी डाउनलोड स्पीड अपने प्रतिद्वंदियों से कई गुना ज्यादा है। एयरटेल की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड मई के 4.7 एमबीपीएस के मुकाबले जून में 5.0 एमबीपीएस रही। हालांकि एयरटेल ने मामूली बढ़त दर्ज की पर रिलायंस जियो की डाउनलोड स्पीड के मुकाबले यह करीब चार गुना कम रही।

फरवरी 2021 के मुकाबले भारती एयरटेल की 4जी डाउनलोड स्पीड में करीब 30 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है और वह लुढ़क कर तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। मई माह में वीआइ की औसत डाउनलोड स्पीड 6.3 एमबीपीएस रिकॉर्ड की गई थी। जो मामूली बढ़त के साथ जून में 6.5 एमबीपीएस रही। वीआइ इंडिया ने भारती एयरटेल को तीसरे नंबर पर ढकेल कर दूसरा स्थान हासिल किया। पर रिलायंस जियो की डाउनलोड स्पीड वीआइ इंडिया से 3 गुना से भी अधिक रही।

जबकि जून में 6.2 एमबीपीएस के साथ वीआइ इंडिया औसत 4 जी अपलोड स्पीड चार्ट में सबसे ऊपर रहा। दूसरे नंबर पर रिलायंस जियो ने बाजी मारी, जिसकी अपलोड स्पीड 4.8 एमबीपीएस रही। एयरटेल औसत 4जी अपलोड स्पीड के मामले में भी तीसरे नंबर पर रहा।

संबंधित समाचार