लखीमपुर खीरी: नौ ब्लाकों में मतदान: भाजपा छह और सपा तीन सीटों पर विजयी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शनिवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 9 ब्लाकों पर मतदान हुआ और मतगणना के बाद नतीजे घोषित किये गए। घोषित नतीजों में छह सीटों पर भाजपा और तीन सीटों पर सपा के प्रत्याशी जीते। निर्विरोध हुई सीटों में पांच सीटें भाजपा और एक सीट भाजपा के …

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शनिवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 9 ब्लाकों पर मतदान हुआ और मतगणना के बाद नतीजे घोषित किये गए। घोषित नतीजों में छह सीटों पर भाजपा और तीन सीटों पर सपा के प्रत्याशी जीते। निर्विरोध हुई सीटों में पांच सीटें भाजपा और एक सीट भाजपा के बागी प्रत्याशी के हिस्से में आई। इस तरह 15 सीटों में 11 सीट जीतकर भाजपा भारी रही।

जिले के 15 ब्लाकों में फूलबेहड़, मितौली, पसगवां, ईसानगर और रमियाबेहड़ में एकल नामांकन दाखिल होने से भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्वाचित घोषित किये गए जबकि मोहम्मदी सीट भाजपा के बागी के हिस्से आई। शनिवार को शेष बची 9 सीटों पर मतदान हुआ। धौरहरा सीट पर भाजपा को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। 81 वोट पाकर सपा के इंद्रेश चाधरी विजयी हुए।

भाजपा प्रत्याशी दृगपाल मौर्य को सिर्फ तीन वोट मिले। भाजपा विधायक शशांक वर्मा की प्रतिष्ठा से जुड़ी निघासन सीट भी सपा के खाते में चली गयी। सपा प्रत्याशी हरप्रीत कौर ने 85 मत हासिल कर भाजपा की सुनीता देवी वर्मा को 25 वोट से पराजित कर दिया। दो मत अवैध पाए गए। लखीमपुर ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दिव्या सिंह ने 84 वोट पाकर भाजपा के बागी आशुतोष वर्मा को 12 मतों से पराजित किया। तीन मत अवैध पाए गए।

पलिया में जीत के बाद नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख।

नकहा में भाजपा के पवन गुप्ता ने सपा के भानु प्रताप वर्मा को 11 मतों से पराजित किया। पवन गुप्ता को 55 और भानु प्रताप वर्मा को 44 मत मिले। यहां भी एक मत अवैध हुआ। पलिया में भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र शुक्ला ने 96 मत हासिल कर सपा के नवनीत यादव को पराजित किया। नवनीत को सिर्फ सात मत मिले। एक मत अवैध घोषित हुआ।

बेहजम से सपा प्रत्याशी बीना राज ने भाजपा को करारी शिकस्त दी। उन्होनें 88 मत प्राप्त किये, जबकि भाजपा प्रत्याशी रामदेवी को 13 मत पाकर संतोष करना पड़ा। गोला में भाजपा प्रत्याशी विमल वर्मा 86 मत पाकर विजयी हुए। सपा समर्थित प्रत्याशी ममता वर्मा को मिले 32 मत मिले। चार मत अवैध पाए गए।

बिजुआ ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशी नेहा राज 78 मत पाकर विजयी हुई, जबकि भाजपा के ही बागी प्रत्याशी एवं अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दाताराम को 39 मत मिले। यहां भी तीन मत अवैध घोषित हुए। बांकेगंज में भाजपा की कुसुमा देवी ने 97 मत हासिल कर सपा की अनुराधा को करारी शिकस्त दी। अनुराधा को सिर्फ चार वोट मिले।

संबंधित समाचार