उत्तराखंड में प्रधानाचार्यों की कमी दूर करने को 80 पदोन्नत प्रधानाचार्य अटल विद्यालयों में किए जाएंगे तैनात
देहरादून, अमृत विचार। अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में 130 पदों पर प्रधानाचार्यों की तैनाती के लिए केवल 50 आवेदन पत्र ही शिक्षा विभाग को प्राप्त हुए हैं, जिससे इन विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की कमी की चिंता बनी हुई है। इसे देखते हुए शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने प्रोन्नत होने वाले 80 प्रधानाचार्यों को अटल उत्कृष्ट विद्यालयों …
देहरादून, अमृत विचार। अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में 130 पदों पर प्रधानाचार्यों की तैनाती के लिए केवल 50 आवेदन पत्र ही शिक्षा विभाग को प्राप्त हुए हैं, जिससे इन विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की कमी की चिंता बनी हुई है। इसे देखते हुए शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने प्रोन्नत होने वाले 80 प्रधानाचार्यों को अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
मालूम हो कि अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में प्रधानाचार्यों के पद बड़ी संख्या में रिक्त हैं। इन रिक्त पदों में से 80 पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया अभी चल रही है। शिक्षा सचिव के सुझाव पर शिक्षा मंत्री ने नए पदोन्नत प्रधानाचार्यों की तैनाती इन विद्यालयों में करने को कहा है। उन्होंने प्रवक्ता व एलटी संवर्ग से प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति के प्रकरणों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों की वरिष्ठता के मामले का जल्द निपटारा करने को भी कहा है।
विभागीय मंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रवक्ता के रिक्त 2131 पदों पर जल्द पदोन्नति होगी। पदोन्नति के संबंध में राज्य लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव जल्द भेजा जाएगा। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को तेजी से कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। बता दें कि बीते वर्ष एलटी से प्रवक्ता के पदों पर 1418 शिक्षकों की पदोन्नति की गई थी। उन्होंने बताया कि एलटी संवर्ग के सीधी भर्ती के 1431 पदों पर भर्ती परीक्षा कराने के संबंध में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग कार्यवाही प्रारंभ कर चुका है। प्रवक्ता के 571 पदों पर लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयन प्रक्रिया चल रही है।
शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने बताया कि एससीईआरटी के ढांचे का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। ढांचे के संबंध में विभिन्न पहलुओं पर विचार कर इस बारे में जल्द निर्णय लेने के निर्देश उन्होंने दिए हैं। चंपावत डायट को अभी एनसीटीई की मान्यता नहीं मिली है। मान्यता के संबंध में एससीईआरटी को एनसीटीई से वार्ता करने और डीएलएड कोर्स जल्द प्रारंभ कराने को भी कहा गया है।
