हल्द्वानी: कोरोनाकाल में बढ़ रहे चोरों के हौसले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना काल में चोरी के मामले बढ़ गए हैं। चोरी की वारदातों ने अन्य संगीन अपराधों को पीछे धकेल दिया है। आलम यह है कि चोरी की वारदातें पिछले सालों की तुलना में दोगुना बढ़ गई हैं। वर्ष 2020 से लेकर अब तक दुष्कर्म को छोड़कर जहां अन्य संगीन वारदातों में गिरावट …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कोरोना काल में चोरी के मामले बढ़ गए हैं। चोरी की वारदातों ने अन्य संगीन अपराधों को पीछे धकेल दिया है। आलम यह है कि चोरी की वारदातें पिछले सालों की तुलना में दोगुना बढ़ गई हैं। वर्ष 2020 से लेकर अब तक दुष्कर्म को छोड़कर जहां अन्य संगीन वारदातों में गिरावट आई है।

वहीं, चोरी की घटनाओं में दोगुना इजाफा हुआ है। नैनीताल जिले में पिछले डेढ़ साल के दौरान चोरी की घटनाओं ने पुराने आंकड़ों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जीआरपी को छोड़कर जिले के सभी 14 थाना क्षेत्रों में वर्ष 2018-19 की तुलना में वर्ष 2020-21 के कोरोनाकाल में चोरी की अधिक वारदातें दर्ज हो चुकी हैं। चोरी के इन मामलों में गृह भेदन से लेकर दुकानों में सेंधमारी, टप्पेबाजी, वाहन चोरी की वारदातें शामिल हैं। जिले में हल्द्वानी, लालकुआं, वनभूलपुरा, मुखानी में चोरी की सर्वाधिक वारदातें हुई हैं।

वारदातें बढ़ने के पीछे नशेड़ियों का हाथ
नशे के बढ़े प्रचलन को चोरी की वारदातों में इजाफे से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का मानना है कि कई वारदातों के पीछे नशेड़ियों का हाथ रहा। हाल ही में चोरी की कई वारदातों में पकड़े जाने पर पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को शक है कि चोरी की कई घटनाओं के पीछे नशेड़ियों का हाथ हो सकता है।

चोरी की कई वारदातें दर्ज ही नहीं
चोरी के वास्तविक आंकड़ें पुलिस में दर्ज रिपोर्ट से कहीं ज्यादा हैं। चोरी की तमाम छिटपुट घटनाएं पुलिस ने दर्ज ही नहीं की। कई मामलों में पुलिस को रिपोर्ट लिखवाने वाले नहीं मिले। ऐसे में एफआईआर दर्ज नहीं हुई और ये मामले पुलिस रिकॉर्ड में नहीं आ सके। न तो चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ और न ही चोर पकड़े गए। ऐसे में इन चोरों के हौंसलों के साथ ही वारदातों में भी इजाफा हुआ।

संबंधित समाचार