हल्द्वानी: वरिष्ठ अधिकारियों से नाराज एएनएम ने व्हाट्सएप पर ही भेज दिया इस्तीफा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर तैनात एक एएनएम ने दो दिन पहले अपने ही आला अधिकारियों पर पक्षपात और भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाते हुए विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में अपना इस्तीफा भेज दिया। इसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों की नजर में लाए बगैर एएनएम के गुस्से को शांत करने के प्रयास शुरू …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर तैनात एक एएनएम ने दो दिन पहले अपने ही आला अधिकारियों पर पक्षपात और भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाते हुए विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप में अपना इस्तीफा भेज दिया। इसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों की नजर में लाए बगैर एएनएम के गुस्से को शांत करने के प्रयास शुरू हुआ। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि समझाने के बाद एएनएम ने अपनी शिकायत वापस ले ली है।

बताया गया कि हल्द्वानी के एक कोविड वैक्सीनेशन सेंटर में विभाग के दो एएनएम की ड्यूटी लगी हैं। इनमें से एक एएनएम दो सप्ताह लगातार तो दूसरी बाकी के दो सप्ताह अपनी ड्यूटी देती है। बचे हुए दो सप्ताहों में वे अपने रेग्युलर कामों को निपटातीं हैं। इसी वैक्सीनेशन सेंटर में टीकाकारण की अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए एसटीएच की प्रशिक्षु नर्सों की भी तैनाती की गई है। व्हाट्सअप ग्रुप में डाले गए अपने इस्तीफे में इस बात का जिक्र भी किया गया है। एएनएम ने लिखा है कि प्रशिक्षु नर्सों द्वारा की गलतियों के लिए भी उसे उनके ही सामने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा डांटा जाता है।

जिससे वह मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रही है। नौ जुलाई को भी उसे वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों ने सबके सामने डांटा व जूनियर नर्सों का पक्ष लिया गया। इससे नाराज एएनएम ने तुरंत नौ की शाम को विभाग में जानकारियों के आदान प्रदान के लिए बनाए गए मोटाहल्दू सेंटर के व्हाट्सएप ग्रुप में प्रभारी चिकित्साधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोटाहल्दू के नाम लिखा गया अपना हाथ से लिखा त्यागपत्र भेज दिया। मोटाहल्दू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डैमेज कंट्रोल करने तुरंत मैदान में उतर गए। नाराज एएनएम से संपर्क किया गया। उसे मनाया गया। कल दोपहर तक यह उनकी मान मनौव्वल का क्रम जारी रहा। बाद में एएनएम ने अपना इस्ताीफा वापस ले लिया।

स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीनेशन का काम कर रही एक एएनएम ने कुछ शिकायतों को लेकर अपना इस्तीफा दिया था। हालांकि अब उसने इस्तीफा वापस ले लिया है।- डाॅ. भागीरथी जोशी, सीएमओ, नैनीताल

संबंधित समाचार