बरेली: दूर परीक्षा केंद्र बनने से होगी परेशानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू होने में सिर्फ चार दिन बचे हैं। परीक्षा केंद्र भी निर्धारित कर दिए गए हैं लेकिन कई परीक्षा केंद्र दूर बना दिए गए हैं, इनकी वजह से छात्रों को परीक्षा देने में परेशानी हो सकती है। जिन महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र दूर बने हैं, उनका प्रबंधन …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाएं शुरू होने में सिर्फ चार दिन बचे हैं। परीक्षा केंद्र भी निर्धारित कर दिए गए हैं लेकिन कई परीक्षा केंद्र दूर बना दिए गए हैं, इनकी वजह से छात्रों को परीक्षा देने में परेशानी हो सकती है।

जिन महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र दूर बने हैं, उनका प्रबंधन और उनसे जुड़े छात्र विश्वविद्यालय से इसकी शिकायत कर रहे हैं। कई शिकायतें पहुंचने के बाद विश्वविद्यालय जल्द ही इसका समाधान करेगा और उनके परीक्षा केंद्र किसी पास के महाविद्यालय में बनाया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने 312 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इनमें 419 महाविद्यालयों के स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष और परास्नातक अंतिम वर्ष के छात्र परीक्षा देंगे। इसमें 312 महाविद्यालयों के तो स्वकेंद्र बनाए गए हैं लेकिन 117 महाविद्यालयों के केंद्र दूसरे महाविद्यालयों में बनाए गए हैं। दूसरे महाविद्यालय में केंद्र बनाने के पीछे कई तर्क दिए गए हैं।

कई में छात्रों की कम संख्या का भी हवाला दिया गया है। विश्वविद्यालय ने जो केंद्र दूसरे महाविद्यालय में बनाए हैं, उसमें कई केंद्र ऐसे बन गए हैं, जिनकी दूरी महाविद्यालय से अधिक है। ऐसे में छात्रों को परीक्षा देने में ज्यादा परेशानी हो सकती है। यही वजह है कि छात्र परीक्षा केंद्र में बदलाव की मांग कर रहे हैं।

जल्द प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे छात्र
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा के छात्र जल्द ही प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। सोमवार या मंगलवार से फार्म वेबसाइट से डाउनलोड होने लगेंगे। परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की वजह से इसमें देरी हो रही है। इसकी वजह से छात्र परेशान हैं, क्योंकि परीक्षा नजदीक है। विवि की मुख्य परीक्षाएं 15 जुलाई से हो रही हैं।

परीक्षार्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर क्लिक कर रहे हैं लेकिन प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं हो रहे हैं। प्रवेश पत्र पर परीक्षा केंद्र के साथ प्रश्नपत्रों की तिथि भी निर्धारित होती है। विश्वविद्यालय का परीक्षा कार्यक्रम बदला जा चुका है और परीक्षा केंद्रों की सूची भी जारी की जा चुकी है। इसी के चलते छात्र प्रवेश पत्र डाउनलोड करना चाह रहे हैं।

संबंधित समाचार