हल्द्वानी: शहर में लगे पुलिस परिवार के होर्डिंग्स चर्चा में…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में पुलिस परिवार की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देने के लिए लगाए गए होर्डिंग्स चर्चा में आ गए हैं। इसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाने के साथ ही कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। रविवार को नैनीताल रोड पर नगर निगम और अग्रसेन चौक …

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में पुलिस परिवार की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देने के लिए लगाए गए होर्डिंग्स चर्चा में आ गए हैं। इसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाने के साथ ही कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।

रविवार को नैनीताल रोड पर नगर निगम और अग्रसेन चौक पर ये होर्डिंग्स नजर आए। इन दोनों होर्डिंग्स में मुख्यमंत्री बनने पर पुलिस परिवार की ओर से पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी गई है। होर्डिंग्स में पुलिस परिवारों के ग्रेड पे को लेकर चल रहे संघर्ष के फोटो भी छापे गए हैं। इसमें गोलज्यू मंदिर में गुहार लगाने के साथ ही हल्द्वानी दौरे पर आए डीजीपी से मिलने पहुंचे पुलिस परिवारों के फोटो शामिल हैं।उल्लेखनीय है कि 20 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले पुलिस कर्मियों के ग्रेड पे का मामला गरमाया हुआ है।

इसको लेकर पुलिस कर्मियों में अंदरखाने असंतोष बना है। उनके परिवार ग्रेड पे घटाने के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने से पहले खटीमा विधायक ने ग्रेड पे को लेकर पुलिस कर्मियों को अपना समर्थन दिया था। इस संबंध में धामी ने तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलकर मुद्दा उठाया था। वहीं, सीएम बनने के बाद अपनी पहली कैबिनेट में धामी ने ग्रेड पे के परीक्षण को लेकर कैबिनेट की उप कमेटी गठित करने के आदेश दिए हैं। इससे पुलिस परिवारों को अपने हित में फैसला होने की आस जगी है। पुलिस परिवारों की ओर से लगाए गए होर्डिंग्स को इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने की मंशा से जोड़कर भी देखा जा रहा है। होर्डिंग्स लगाने से पुलिस परिवारों के भीतर की नाराजगी और सरकार से अपेक्षा भी खुलकर सामने आई है।

शहर में लगाए गए होर्डिंग्स से पुलिस महकमे का कोई लेनादेना नहीं है। ये होर्डिंग्स पुलिस की ओर से नहीं लगाए गए हैं। पुलिस कर्मियों के परिजनों की ओर से होर्डिंग्स लगाए गए हैं।
डॉ जगदीश चंद्र, एसपी सिटी, हल्द्वानी।

संबंधित समाचार