टिहरी की साहसिक खेल अकादमी में अब एनसीसी के छात्रों को भी दी जाएगी ट्रेनिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। टिहरी की साहसिक खेल अकादमी में अब नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स को भी साहसिक खेलों की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही अकादमी में ट्रेनिंग लेने वाले छात्रों के बैच में संख्या 25 से बढ़ाकर 30 की जाएगी। इसके अलावा इच्छुक युवाओं के लिए ट्रेकिंग और माउंटेन बाइकिंग का प्रशिक्षण प्रोग्राम भी …

देहरादून, अमृत विचार। टिहरी की साहसिक खेल अकादमी में अब नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स को भी साहसिक खेलों की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही अकादमी में ट्रेनिंग लेने वाले छात्रों के बैच में संख्या 25 से बढ़ाकर 30 की जाएगी। इसके अलावा इच्छुक युवाओं के लिए ट्रेकिंग और माउंटेन बाइकिंग का प्रशिक्षण प्रोग्राम भी संचालित किया जाएगा।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल अश्विन पुंडीर ने बताया कि साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यूटीडीबी और आइटीबीपी के अधिकारियों के बीच बैठक हुई है। जिसमें महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आइटीबीपी के अधिकारियों की ओर से सकारात्मक सहयोग देने का आश्वासन दिया गया है। बताया कि साहसिक खेल अकादमी में आइटीबीपी के जवान रोमांचक करतब दिखाने के साथ ही स्थानीय युवाओं को भी प्रशिक्षण दे रहे हैं। इसी के साथ अब अकादमी में एनसीसी के कैडेट्स को भी मुख्य रूप से जोड़ा जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को भी न केवल साहसिक खेलों में करियर बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि टिहरी झील के पर्यटन को भी इससे बढ़ावा मिलेगा।

झील में वाटर स्पोर्ट्स और ऋषिकेश के शिवपुरी में सालों का अनुभव रखने वाले गाइडों के साथ युवाओं को राफ्टिंग के गुर सिखाने के लिए भी आइटीबीपी की ओर से सहमति दी गई है। सभी औपचारिकताओं को पूरा कर इन दोनों जगहों पर भी साहसिक खेलों का ट्रेनिंग प्रोग्राम का संचालन किया जाएगा।

संबंधित समाचार