मुरादाबाद : नहीं पहुंची पुलिस तो एक्शन में आए ग्रामीण, चार को किया पुलिस के हवाले, मुख्य आरोपी फरार
मुरादाबाद,अमृत विचार। गोकशी की सूचना के बाद भी चौकी इंचार्ज ने मौके पर जाना उचित नहीं समझा। इस ग्रामीण खुद ही एक्शन में आ गए। उन्होंने जंगल में गोकशी कर रहे तस्करों पर धावा बोल दिया। यह देख गोकशी करने वालों में भगदड़ मच गई। आरोपी सेंट्रो कार व बाइकों से भागने लगे। भीड़ ने …
मुरादाबाद,अमृत विचार। गोकशी की सूचना के बाद भी चौकी इंचार्ज ने मौके पर जाना उचित नहीं समझा। इस ग्रामीण खुद ही एक्शन में आ गए। उन्होंने जंगल में गोकशी कर रहे तस्करों पर धावा बोल दिया। यह देख गोकशी करने वालों में भगदड़ मच गई। आरोपी सेंट्रो कार व बाइकों से भागने लगे।
भीड़ ने पीछा करके चार आरोपियों को दबोच लिया जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। उनके कब्जे से ग्रामीणों ने तीन गोवंशीय पशु भी बरामद किए हैं। ग्रामीणों ने रोंडा-झोंडा चौकी प्रभारी पर एक लाख रुपये प्रतिमाह लेकर गोकशी कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। सीओ हाइवे ने जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
मामला मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव नगला जटनी का है। सोमवार की रात ग्रामीणों को जंगल में गोकशी की आशंका हुई। जंगल में प्रकाश देख ग्रामीण एकत्र होकर वहां पहुंच गए। उन्हें देख गोकशी कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। गोकशी करने वाले गाड़ी लेकर भागने लगे। इस पर ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने चार लोगों को घेरकर दबोच लिया। उनकी सेंट्रो कार और दो बाइक भी जबरन रोक लीं।
कार में गोकशी के उपकरण पड़े थे। मौके पर ही दो गाय और एक बछड़ा भी मिला। घटना की सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने फिरोज पुत्र तौफिक निवासी अहमद नगर जैतबाड़ा, इसरार पुत्र इस्लाम कुरैशी निवासी जलालपुर, गुलाम मोहम्मद पुत्र इस्लाम कुरैशी निवासी बगरुआ, रईसुद्दीन पुत्र अलाउद्दीन निवासी कनपुर थाना कुंदरकी को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद पुलिस उन्हें मूंढापांडे थाने ले गई। जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि गांव का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। ग्रामीणों से बचने के प्रयास में रईसुद्दीन जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार यहां रहने वाला सुरजीत यादव पुलिस की शह पर दस साल से गोकशी का धंधा कर रहा है। ग्रामीणों ने उसे कई बार समझाया भी मगर वह अपने कृत्य से बाज नहीं आया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने एक माह पूर्व गांव में गोकशी की सूचना चौकी इंचार्ज विजय सिंह को दी थी।
आरोप है कि चौकी ने स्वाथ्य खराब होने का बहाना बनाकर रात में आने से इनकार कर दिया। इसकी कॉल रिकर्डिंग ग्रामीणें के पास है। इस सांठगांठ का भंडाफोड़ करने के लिए ही देर रात लोग एकत्रित हुए थे। ग्रामीणों के मुताबिक गोकशी का धंधा पिछले 10 वर्ष से रोंडा-झोंडा पुलिस चौकी की शह पर चल रहा है। उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति पर पुलिस के साथ मिलकर 10 वर्ष से गोकशी करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार कई बार उसे समझाया भी मगर वह अपने कृत्य से बाज नहीं आया। ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज पर एक लाख रुपये प्रति माह लेकर गोकशी कराने का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस चौकी को गोकशी के धंधे की पूरी जानकारी है। तभी तो सूचना देने के बाद भी चौकी इंचार्ज कार्रवाई तो क्या घटनास्थल का निरक्षण करना भी उचित नहीं समझते।
क्षेत्राधिकारी हाइवे डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि गोकशी में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस तरह की प्रत्येक घटना का गंभीरता से संज्ञान लिया जाएगा। यदि पुलिस के खिलाफ कोई शिकायत मिलती है तो जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
