किच्छा: लापता नाबालिग लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने दिया कोतवाली में धरना
किच्छा, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई नाबालिग लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों सहित तमाम लोगों ने कोतवाली परिसर में धरना देते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ ने भी परिजनों की मांग का समर्थन करते हुए धरना देकर पुलिस प्रशासन …
किच्छा, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई नाबालिग लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों सहित तमाम लोगों ने कोतवाली परिसर में धरना देते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ ने भी परिजनों की मांग का समर्थन करते हुए धरना देकर पुलिस प्रशासन से नाबालिग बालिका को जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की। कोतवाली प्रभारी द्वारा 5 दिनों के भीतर नाबालिग बालिका को बरामद करने के आश्वासन देने पर प्रदर्शन कर रहे परिजनों व कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया और बालिका के जल्द बरामद ना होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
नगर के वार्ड निवासी तमाम लोगों ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलक राज बेहड़ की अगुवाई में कोतवाली परिसर में धरना देते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। परिजनों ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री करीब 25 दिन पूर्व कोतवाली अंतर्गत ग्राम में ननिहाल गई थी और इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में ननिहाल से लापता हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि नाबालिग बालिका के लापता होने के बाद परिजनों द्वारा कई दिनों तक बालिका की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया गया तब जाकर बालिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हो पाई। परिजनों ने कहा कि घटना के करीब 25 दिन बीत जाने के बाद भी नाबालिग पुत्री का सुराग लगाने में कोतवाली पुलिस नाकाम साबित हुई है, जिससे बालिका के जीवन को लेकर परिजनों में तमाम आशंकाएं पैदा हो रही हैं । उन्होंने लापता बालिका के साथ अप्रिय घटना घटने की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से बालिका को जल्द सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई।
परिजनों के साथ धरना देते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलक राज बेहड़ ने कहा कि भाजपा शासन में अधिकारी निरंकुश हो चुके हैं और फरियादियों को अपनी समस्या दर्ज कराने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है ,परंतु फरियादियों की समस्याओं पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री बेहड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो रहा है और अपराधों में इजाफा होने से आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है । उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान में सांकेतिक धरना प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन को बालिका की सकुशल बरामदगी को लेकर चेताने का काम किया गया है ,अगर जल्द ही पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यवाही नहीं की गई तो सैकड़ों लोगों द्वारा थाने का घेराव किया जाएगा ,जिसकी समस्त जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी चंद्रमोहन सिंह ने लड़की की बरामदगी को लेकर 1 सप्ताह के भीतर कार्यवाही का भरोसा दिलाया, परंतु वार्ता के बाद परिजनों ने 5 दिन का समय देते हुए 5 दिन के भीतर नाबालिग बालिका की बरामदगी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी ।
फिलहाल कोतवाली प्रभारी द्वारा 5 दिन का समय मांगे जाने के बाद बालिका के परिजनों एवं कांग्रेसियों ने धरना स्थगित कर दिया । इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू तिवारी , कांग्रेसी नेता ओमप्रकाश दुआ , सभासद दानिश मलिक, युवा कांग्रेसी नेता फजील खान , सभासद प्रतिनिधि जगरूप सिंह गोल्डी, सभासद फिरासत खान , गौरव बेहड, अकरम खान , संदीप बावा , इंद्रपाल सिंह रूबल , दीप हंसपाल , जावेद मलिक , कुलदीप सिंह लक्की , नितिन शर्मा , केवल हुड़िया , अशोक मिश्रा, सोनू सिंह , विशाल खुराना , रितिक कुमार , विमला देवी ,खुशबू सिंह ,शांति देवी , दीपा देवी , अंजू रानी, रोशनी आदि मौजूद रहे।
