हल्द्वानी: बागेश्वर से तस्करी कर ले जाया जा रहा अवैध बिरोजा पकड़ा, ट्रक सीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग ने तस्करी कर रोजिन ले जाते हुए ट्रक पकड़ा है। ट्रक से 40 ड्रम और 93 कट्टे तकरीबन 6.37 लाख रुपए का रोजिन बरामद हुआ है। वन विभाग ने ट्रक को सीज कर दिया है। पहली बार बिरोजा चिप्स फार्म में पकड़ा गया है। तराई केंद्रीय वन डिवीजन व हल्द्वानी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग ने तस्करी कर रोजिन ले जाते हुए ट्रक पकड़ा है। ट्रक से 40 ड्रम और 93 कट्टे तकरीबन 6.37 लाख रुपए का रोजिन बरामद हुआ है। वन विभाग ने ट्रक को सीज कर दिया है। पहली बार बिरोजा चिप्स फार्म में पकड़ा गया है।

तराई केंद्रीय वन डिवीजन व हल्द्वानी वन डिवीजन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को पत्थरचट्टा बैरियर से ट्रक संख्या यूके 02 सीए 1616 को चेकिंग के लिए रोका। ट्रक में 40 ड्रम व 93 कट्टे रोजिन लदा हुआ था। इसका कुल वजन 93 कुंतल था।  जब चालक से इसके अभिवहन के कागजात मांगे गए तो वह एक भी वैध प्रपत्र नहीं दिखा सका। इस पर टीम ने ट्रक को रोजिन समेत सीज कर दिया है। बरामद की गई रोजिन की कीमत तकरीबन 6.37 लाख रुपए है।

जांच में सामने आया है कि यह बिरोजा बागेश्वर से लाया गया है। वहीं इस मामले में छकाता रेंजन भारतीय वन अधिनियम, 1927 एवं उत्तराखंड इमारती लकड़ी और अन्य वन उपज का अभिवहन नियमावली-2012 की सुसंगत धाराओं में कार्यवाही की जा रही है।

 

 टीम में ये थे शामिल 

वाहन को पकड़ने वाली टीम में छकाता वन रेंजर नवीन रौतेला, वन रेंजर टांडा अजय लिंगवाल, इंद्र लाल आर्य, हुकम राम, धर्मपाल टम्टा, गोपाल दत्त पांडे, सुरेंद्र सिंह, मनोज मेलकानी, तारादत्त सेमवाल आदि शामिल थे।

अब चिप्स बनाकर कर रहे तस्करी

वन अधिकारियों के अनुसार लीसा से बिरोजा बनाकर ड्रमों में तस्करी की जाती थी लेकिन नियम है यदि रोजिन से कोई पेंट, अन्य वस्तु बनाकर बेची जाए तो ट्रांजिट पास नहीं लगता है। ऐसे में तस्कर बिरोजा को सॉलिड बनाकर चिप्स फार्म लेकर आ रहे हैं ताकि किसी को शक न हो।

 

तराई केंद्रीय व हल्द्वानी वन डिवीजन की संयुक्त टीम ने अवैध बिरोजा ले जा रहे ट्रक को सीज किया है। ट्रक से 6.37 लाख रुपए कीमत का बिरोजा बरामद हुआ है। पहली बार बिरोजा चिप्स फार्म में पकड़ा गया है। इसकी जांच की जा रही है, इसके पीछे बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है।

कुंदन कुमार, डीएफओ हल्द्वानी वन डिवीजन

संबंधित समाचार