England से क्रिकेट मुकाबले के पहले Team India की होगी जांच, Bio Bubble और Vaccination जरूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लंदन। इंग्लैंड क्रिकेट के कोरोना संक्रमण के मामलों के कारण प्रभावित होने के बीच इंग्लैंड में भारतीय टीम के सदस्यों के लिए कोरोना टेस्ट शुरू हो गया है। पिछले महीने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के बाद तीन हफ्ते के ब्रेक पर चल रही कोहली एंड कंपनी का शनिवार को पहला कोरोना टेस्ट किया गया …

लंदन। इंग्लैंड क्रिकेट के कोरोना संक्रमण के मामलों के कारण प्रभावित होने के बीच इंग्लैंड में भारतीय टीम के सदस्यों के लिए कोरोना टेस्ट शुरू हो गया है। पिछले महीने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के बाद तीन हफ्ते के ब्रेक पर चल रही कोहली एंड कंपनी का शनिवार को पहला कोरोना टेस्ट किया गया है। आगामी हफ्तों में खिलाड़ियों के और टेस्ट होंगे।

समझा जाता है कि खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके पारिवारिक सदस्यों का भी टेस्ट किया गया है। दौरे पर मौजूद टीम के सदस्यों के लिए टीकाकरण अभियान पूरा होने के एक दिन बाद टेस्ट का पहला दौर पूरा हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ब्रिटेन की राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के साथ मिलकर सात और नौ जुलाई को टीम के सदस्यों के लिए वैक्सीन के दूसरे डोज की व्यवस्था की थी। भारतीय खिलाड़ियों का श्रृंखलाबद्ध तरीके से कोरोना टेस्ट इंग्लैंड की मूल क्रिकेट टीम में कोरोना सेंध के बाद उठाया गया कदम है।

दरअसल इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के तीन खिलाड़ी और चार सपोर्ट स्टाफ के सदस्य पिछले हफ्ते पाकिस्तान के खिलाफ सफेद गेंद श्रृंखला शुरू होने से ठीक पहले कोरोना संक्रमित पाए गए थे। सातों सदस्य फिलहाल क्वारंटीन में हैं। इस बीच डर्बीशायर काउंटी टीम में सोमवार को एक संक्रमण का मामला सामने आया था, जिससे टीम को एसेक्स के खिलाफ अपने मैच को रद्द करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

इतना ही नहीं इससे एक दिन पहले रविवार को केंट काउंटी टीम का भी एक सदस्य संक्रमित पाया गया था, जिससे टीम के खिलाड़ियों को आईसोलेशन में जाना पड़ा था। उल्लेखनीय है कि डरहम में भारतीय टीम को किसी बायो-बबल में नहीं रखा जाएगा, जैसा कि पिछले साल से हर क्रिकेट श्रृंखला में हुआ है, हालांकि खिलाड़ियों से कहा गया है कि यह केवल एक जैव-सुरक्षित वातावरण होगा, जिसमें सभी सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों को बनाए रखने के लिए सख्त सलाह दी जाएगी।

भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले कुछ इंट्रा-स्क्वाड मैच खेलेगी। वह 20 जुलाई से डरहम में सेलेक्ट काउंटी इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी, जबकि पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला टेस्ट नॉटिंघम में चार अगस्त से शुरू होगा।

संबंधित समाचार