बरेली: प्रवेश प्रक्रिया को लेकर महाविद्यालयों में नहीं तैयारी
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 13 जुलाई से महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को प्रवेश प्रक्रिया का पोस्टर भी जारी किया गया था लेकिन अब तक महाविद्यालयों ने प्रवेश को लेकर कोई तैयारी नहीं की है। सभी महाविद्यालय 15 जुलाई से होने वाली मुख्य परीक्षाओं की तैयारी में जुटे …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने 13 जुलाई से महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को प्रवेश प्रक्रिया का पोस्टर भी जारी किया गया था लेकिन अब तक महाविद्यालयों ने प्रवेश को लेकर कोई तैयारी नहीं की है। सभी महाविद्यालय 15 जुलाई से होने वाली मुख्य परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं।
दूसरी तरफ अभी न तो बारहवीं बोर्ड के परिणाम आए हैं और न ही स्नातक की परीक्षाएं हुई हैं। इस वजह से प्रवेश भी नहीं हो सकता है। हालांकि महाविद्यालयों का कहना है कि प्रवेश तो नहीं होंगे लेकिन प्रवेश से संबंधित सूचनाएं तैयार कर छात्रों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों के लिए 13 से 31 जुलाई तक प्रवेश फार्म भरने की प्रस्तावित तिथि निर्धारित की है। इसके साथ ही 7 से 25 अगस्त तक महाविद्यालयों को प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए कहा है। प्रवेश किस तरह से लिए जाएंगे, प्रवेश प्रक्रिया क्या है व अन्य जानकारियों को लेकर महाविद्यालयों को अभी दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जल्द ही महाविद्यालयों को निर्देश भेज दिए जाएंगे। स्नातक में प्रवेश तभी हो सकेंगे, जब सीबीएससी, आईएससी, यूपी बोर्ड व अन्य बोर्ड के परिणाम आएंगे। इनके परिणाम 31 जुलाई या उसके बाद ही आएंगे। दूसरी तरफ स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 15 जुलाई से प्रारंभ हो रही हैं, जो 14 अगस्त तक चलेंगी। परीक्षाओं के परिणाम आने के बाद ही परास्नातक में प्रवेश होंगे।
