रामपुर : अस्पताल से जेल में शिफ्ट होते ही आजम खां के 20 मुकदमों की वीसी से सुनवाई
रामपुर,अमृत विचार। सपा सांसद आजम खां की बुधवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए 20 मुकदमों में सुनवाई हुई। यह सभी मामले अजीमनगर और थाना गंज में दर्ज हैं। इन मामलों की अगली सुनवाई 4 और 5 अगस्त को होगी। बता दें कि मंगलवार को ही आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम मेदांता अस्पताल से …
रामपुर,अमृत विचार। सपा सांसद आजम खां की बुधवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए 20 मुकदमों में सुनवाई हुई। यह सभी मामले अजीमनगर और थाना गंज में दर्ज हैं। इन मामलों की अगली सुनवाई 4 और 5 अगस्त को होगी। बता दें कि मंगलवार को ही आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम मेदांता अस्पताल से सीतापुर जेल में शिफ्ट हुए हैं।
सपा सरकार जाने के बाद सूबे में आई भाजपा सरकार ने आजम खां और उनके परिवार के खिलाफ विभिन्न मामलों की जांच तेज कर दी हैं। आजम खां पर दो-दो जन्म प्रमाण पत्र मामले के साथ ही अजीमनगर सहित शहर के विभिन्न थानों में लगभग 86 मुकदमे दर्ज हैं। आजम खां को प्रदेश सरकार भू-माफिया भी घोषित कर चुकी है। पुलिस ने विवेचना के बाद सभी मामलों में आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिए गए हैं।
सभी मामलों में लगातार सुनवाई कोर्ट में चल रही है। कोर्ट ने आजम खां के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट के साथ ही 82 की कार्रवाई भी की। जिस पर 26 फरवरी 2020 को सपा सांसद आजम खां ने अपनी पत्नी शहर विधायक डॉ. तजीन फात्मा बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। कोर्ट ने तीनों को जेल भेज दिया था। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से तीनों को रातों रात सीतापुर जेल में शिफ्ट कर दिया था।
डेढ़ साल से पिता-पुत्र सीतापुर जेल में बंद हैं, हालांकि शहर विधायक डा.तजीन फात्मा जमानत पर चल रही हैं। मंगलवार को पिता-पुत्र को मेदांता अस्पताल से डिस्चार्ज करके सीतापुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। बुधवार को वीसी के जरिए अजीमनगर में किसानों की जमीन कब्जाने और डूंगरपुर में बनी आसरा कालोनी पर बुलडोजर चलवाने के मामले में गंज में दर्ज 20 मुकदमों में सुनवाई हुई। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 4 और 5 अगस्त की तारीख तय की है।
