हल्द्वानी: एमबीपीजी में वैक्सीन न मिलने पर हुआ हंगामा, पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी डिग्री कॉलेज में टीकाकरण को लेकर आए लोगों ने वैक्सीन न मिलने पर हंगामा कर दिया। यहां 100 लोगों को ही टीका लगना था लेकिन जरूरत से ज्यादा लोग पहुंच गए। जिस वजह से वहां पर लोगों ने हंगामा काट दिया। वहां मौजूद पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों को व्यवस्था बनाने के लिए …

हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी डिग्री कॉलेज में टीकाकरण को लेकर आए लोगों ने वैक्सीन न मिलने पर हंगामा कर दिया। यहां 100 लोगों को ही टीका लगना था लेकिन जरूरत से ज्यादा लोग पहुंच गए। जिस वजह से वहां पर लोगों ने हंगामा काट दिया। वहां मौजूद पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों को व्यवस्था बनाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ गई।

जिले में टीकाकरण की कमी अब भारी पड़ती जा रही है। यहां कोविशिल्ड वैक्सीन से 100 टीके लगाए जाने थे। लेकिन डिग्री कॉलेज में करीब एक हजार लोग टीकाकरण के लिए पहुंच गए। बाद में टीकाकरण को बढ़ाकर 500 कर दिया गया। इसके बाद भी काफी लोग टीका लगने से बच गए। जिसके बाद उन्होंने हंगामा काट दिया। वहां मौजूद पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों को लोगों को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ गई।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर जल्द काबू पा लिया गया। बताय गया कि स्वास्थ्य विभाग इस समय ऑन द स्पॉट टीकाकरण कर रहा है। इस वजह से जरूरत से ज्यादा लोग टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

34 हजार टीके पहुंचे जिले में
टीकाकरण की कमी को दूर करने के लिए जिले में दो दिनों के अंदर ही 34 हजार टीके पहुंच गए हैं। अब गुरूवार से टीकाकरण अभियान को और तेज कर दिया जाएगा। तीसरी लहर की दस्तक से पहले यह बड़ी राहत है।
पिछले दस दिनों से टीकाकरण को लेकर किल्लत चल रही है। स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति में कोवैक्सीन का भी इस्तेमाल करना पड़ा था। अब मंगलवार से टीके की खेप पहुंचने लगी है। मंगलवार की शाम को 10 हजार कोविशील्ड के टीके पहुंचाए गए। इसके बाद बुधवार को कोविशील्ड के ही 11 हजार डोज पहुंचाए गए। साथ ही कोवैक्सीन की भी 3 हजार डोज पहुंच गई है। दो दिनों में जिले में टीके की 34 हजार नई खेप पहुंच गई है। इससे अगले एक सप्ताह के लिए टीकाकरण अभियान को जारी रखा जा सकता है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अजय शर्मा ने बताया कि अन्य टीकों के लिए भी डिमांड भेज दी गई है। जिनकी जल्द ही आपूर्ति हो सकती है। उल्लेखनीय है कि जिले में अभी तक करीब 5 लाख 30 हजार लोगों का टीकाकरण हो चुका है। इनमें दोहरा टीकाकरण करवाने वालों की संख्या करीब 82 हजार है। जिले में कुल सात लाख वयस्कों का टीकाकरण होना है। स्वास्थ्य विभाग के सामने तीसरी लहर से पहले से सभी वयस्क आबादी का टीकाकरण करने की चुनौती है।

आज 6550 लोगों को लगेगा टीका
ऑन द स्पॉट प्रक्रिया के तहत जिले के 38 केंद्रों पर 6550 लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए लोगों को स्वयं ही टीकाकरण केंद्र पर आना होगा। स्वास्थ्य विभाग ने फिलहाल स्लॉट पर बुकिंग की प्रक्रिया बंद कर रखी है।

संबंधित समाचार