अल्मोड़ा: तीन दिनों से पानी को तरसी पंद्रह हजार की आबादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर के चौघानपाटा में बुरी तरह चोक हो चुके कलवर्ट को लो निर्माण विभाग अभी तक नहीं खोल पाया है। जबकि जल संस्थान भी जीर्ण शीर्ण लाइनों को बदलने में अब तक नाकाम साबित हुआ है। जिस कारण पिछले चार दिनों से पंद्रह हजार की अधिक की आबादी बूंद बूंद पानी के …

अल्मोड़ा, अमृत विचार। नगर के चौघानपाटा में बुरी तरह चोक हो चुके कलवर्ट को लो निर्माण विभाग अभी तक नहीं खोल पाया है। जबकि जल संस्थान भी जीर्ण शीर्ण लाइनों को बदलने में अब तक नाकाम साबित हुआ है। जिस कारण पिछले चार दिनों से पंद्रह हजार की अधिक की आबादी बूंद बूंद पानी के लिए तरस रही है।

लोक निर्माण विभाग ने करीब डेढ़ साल पहले माल रोड पर खुदाई कर गंदे पानी की निकासी के लिए यहां ह्यूम पाइप डाला था। लेकिन इस दौरान यहां से गुजर रही पाइप लाइनों को यहां से नहीं हटाया गया। यह पाइप लाइनें नगर के मालरोड, चौघानपाटा, तल्ला जोशी खोला, थपलिया आदि इलाकों को पानी की आपूर्ति करती हैं।

लेकिन कलवर्ट के चोक होने के बाद जीर्ण शीर्ण लाइनों से गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंचने लगा था। काफी शिकायतें आने के बाद लोक निर्माण विभाग ने कलवर्ट को खोलने और जल संस्थान ने लाइनों का बदलने के यहां पर खुदाई कर कार्य करना शुरू तो किया। लेकिन चार दिन बीते जाने के बाद भी अब तक दोनों विभाग अपना अपना कार्य पूरा नहीं कर पाए हैं। जिस कारण लोगों के घरों में पेयजल की आपूर्ति पूरी तरह ठप है।

इधर माल रोड पर जहां खुदाई का कार्य किया जा रहा है वहां पर मार्ग काफी संकरा हो गया है और भार वाहनों की आवाजाही के चलते यहां पर सड़क भी धंसने लगी है। जिससे नगर में जाम की समस्या भी बढ़ गई है। इधर नगर के सामाजिक कार्यकर्ता व कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने दोनों विभागों पर इस कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि अगर शीघ्र आपूर्ति दुरुस्त नहीं की गई तो दोनों विभागों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा।

घरों में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत के बाद अब लाइनों को यहां से शिफ्ट किया जा रहा है। मुख्य मार्ग और वाहनों की आवाजाही के कारण कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। लेकिन फिर भी कार्य शीघ्र पूरा कर आपूर्ति सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुकेश कुमार, सहायक अभियंता, जल संस्थान, अल्मोड़ा

संबंधित समाचार