हल्द्वानी: सड़क पर खेल रहे मासूम को पिकअप ने रौंदा, मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। इंद्रानगर में सड़क पर खेल रहे मासूम को पिकअप ने रौंद दिया। हादसे में बुरी तरह घायल मासूम ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के साथ ही वाहन कब्जे में ले लिया है। गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे एकमीनार मस्जिद के पास …
हल्द्वानी, अमृत विचार। इंद्रानगर में सड़क पर खेल रहे मासूम को पिकअप ने रौंद दिया। हादसे में बुरी तरह घायल मासूम ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के साथ ही वाहन कब्जे में ले लिया है।
गुरुवार सुबह साढ़े 10 बजे एकमीनार मस्जिद के पास रहने वाले शाहिद का सात साल का बेटा आहिल घर के बाहर गली में खेल रहा था। उस वक्त परिजन मजदूरी के लिए घर से बाहर गए थे। इस बीच ठोकर से शनिबाजार गेट की ओर जा रही एक पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल आहिल मौके पर अचेत हो गया।
पिकअप चालक दानिश घायल आहिल को लेकर बेस अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाल मनोज रतूड़ी अस्पताल पहुंचे और शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही वाहन चालक को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
आक्रोश को देखते हुए पुलिस फोर्स रही तैनात
हल्द्वानी। दुर्घटना में मासूम की मौत के बाद लोगों में आक्रोश को देखते हुए पुलिस फोर्स लगाया गया था। घटनास्थल से लेकर मोर्चुरी तक पुलिस फोर्स तैनात रही। भारी फोर्स की मौजूदगी में पोस्टर्माटॅम हुआ। सड़क हादसे में मासूम की मौत के बाद लोगों में आक्रोश भड़कने की आशंका थी। इसे देखते हुए वनभूलपुरा थाने के साथ ही मेडिकल और टीपीनगर चौकी पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया था। सीओ सिटी शांतनु पराशर खुद मौके पर पहुंच गए थे।
नेताओं ने पीड़ित परिजनों को बंधाया ढांढ़स
हल्द्वानी। हादसे में अकाल मारे गए आहिल के परिजनों को कांग्रेस और सपा नेताओं ने ढांढ़स बंधाया। कांग्रेस नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी और सपा नेता शुऐब अहमद के साथ कई कार्यकर्ताओं ने मोर्चरी पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द इंसाफ और मुआवजा दिलाने की मांग की।
