लालकुंआ: अतिक्रमण नहीं हटा तो बंद करनी होंगी कई ट्रेन
लालकुआं, अमृत विचार। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण में बाधा बन रहे नगीना कॉलोनी क्षेत्र के अतिक्रमण को यदि शीघ्र नहीं हटाया गया तो रेलवे को अपनी कुछ महत्वपूर्ण रेलगाड़ियां इस क्षेत्र से कम करनी पड़ेगी। उत्तराखंड सरकार और प्रशासन रेल विभाग का सहयोग करते हुए भूमि …
लालकुआं, अमृत विचार। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण में बाधा बन रहे नगीना कॉलोनी क्षेत्र के अतिक्रमण को यदि शीघ्र नहीं हटाया गया तो रेलवे को अपनी कुछ महत्वपूर्ण रेलगाड़ियां इस क्षेत्र से कम करनी पड़ेगी। उत्तराखंड सरकार और प्रशासन रेल विभाग का सहयोग करते हुए भूमि से अतिक्रमण हटवाए।
मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत गुरुवार को इज्जत नगर से रामनगर तक किए जा रहे विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को रेलवे स्टेशन विस्तारीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा, हल्द्वानी और लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को जल्द हटाया जाना चाहिए। अन्यथा इस लाइन से गुजरने वाली कुछ महत्वपूर्ण रेलगाड़ियों का संचालन बंद करना पड़ेगा। क्योंकि उन्हें अविलंब पिट लाइन की आवश्यकता है, जिसका निर्माण रेलवे की अधिक्रमित क्षेत्र नगीना कॉलोनी में होना है। कहा, यदि राज्य सरकार का सहयोग मिला तो अगस्त महीने के अंत तक वह लालकुआं रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण कार्य को मूर्त रूप दे देंगे।
लेकिन अतिक्रमण का मामला हाईकोर्ट में चल रहा है और कोरोना के चलते इसमें थोड़ी देरी हो रही है। घोड़ानाला में अंडर पास बनाने पर उन्होंने कहा कि प्रशासन पर्याप्त सहयोग नहीं कर रहा है। इस अवसर पर उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन अजय वार्ष्णेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर आशीष सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर परिचालन महेश कुमार गुप्ता, मंडल इंजीनियर मुख्यालय मसूद अहमद, मंडल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एके मिश्रा, वरिष्ठ यातायात निरीक्षक मोहन राम, स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार आदि थे।
