बरेली: शिविर को लेकर पार्षद और उप नगर आयुक्त में भिड़ंत
बरेली, अमृत विचार। राजेंद्रनगर में टैक्स जमा करने का शिविर लगाने को लेकर पार्षद और उप नगर आयुक्त के बीच विवाद खड़ा हो गया है। पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना ने शिकायत की है कि शुक्रवार को शिविर में दूसरा कोई कर्मचारी ही नहीं पहुंची। बाद में उच्चाधिकारियों को सूचना दी तो किसी तरह दो कर्मचारी …
बरेली, अमृत विचार। राजेंद्रनगर में टैक्स जमा करने का शिविर लगाने को लेकर पार्षद और उप नगर आयुक्त के बीच विवाद खड़ा हो गया है। पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना ने शिकायत की है कि शुक्रवार को शिविर में दूसरा कोई कर्मचारी ही नहीं पहुंची। बाद में उच्चाधिकारियों को सूचना दी तो किसी तरह दो कर्मचारी शिविर में पहुंचे। पार्षद ने उप नगर आयुक्त की शिकायत नगर आयुक्त को चिट्ठी भेजकर की है।
पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना के आवास पर लगा था शिविर
नगर निगम के करदाताओं की सुविधा के लिए पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना मम्मा राजेंद्रनगर स्थित अपने आवास पर गुरुवार को शिविर लगाया था। इसमें 20 लाख रुपये से भी ज्यादा का कर जमा हुआ था। शिविर में पहुंचे अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने शिविर की सफलता को देखते हुए इसका आयोजन 16 और 17 जुलाई को भी करने के लिए कहा था।
अनुपस्थित रहकर अपनी लापरवाही दिखाई
जबकि पार्षद सतीश चंद्र कातिब का कहना है कि जोन-चार की इंचार्ज होने के बावजूद उप नगर आयुक्त निशा मिश्रा इस शिविर में दोनों ही दिन अनुपस्थित रहकर अपनी लापरवाही दिखाई। इतना ही नहीं, शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त के निर्देश के बावजूद निशा मिश्रा न तो खुद पहुंची और न ही किसी कर्मचारी को भेजा।
अपर नगर आयुक्त से की शिकायत
इसकी शिकायत पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना ने अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह से की तो कुछ देर पर दो कर्मचारी शिविर में पहुंचे। जबकि इस शिविर में एक दिन पहले गुरुवार को पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसकी वजह से पहले दिन शिविर में 20 लाख रुपये से भी ज्यादा का कर नगर निगम को मिला था। पार्षद का कहना है कि निशा मिश्रा ने किसी टैक्स कलेक्टर को इस शिविर की जानकारी नहीं दी थी। इस संबंध में जब उन्होंने उप नगर आयुक्त को फोन किया तो पूरी बात सुने बिना ही उन्होंने फोन काट दिया। पार्षद ने इस मामले की लिखित शिकायत नगर आयुक्त अभिषेक आनंद को चिट्ठी भेजकर की है। इस संबंध में निशा मिश्रा से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
इनकी सुनिए
कर शिविर के आयोजन से नगर निगम को काफी राजस्व मिला था। इसे देखते हुए शिविर को और दो दिन लगाने के लिए कहा गया था लेकिन उप नगर आयुक्त निशा मिश्रा ने इसे गंभीरता से नहीं लिया है। इसकी वजह से शिविर में पूरे कर्मचारी भी नहीं आए। इसकी शिकायत नगर आयुक्त को कर दी गई है। –सतीश चंद्र सक्सेना कातिब, पार्षद, राजेंद्रनगर
पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना मम्मा की लिखित शिकायत मिली है। शुक्रवार को स्वनिधि योजना के तहत भी नगर निगम का दूसरी जगह शिविर लगा था। इस वजह से राजेंद्रनगर में कर शिविर में दो कर्मचारी ही भेजे जा सके थे। पार्षद की शिकायत को दिखवाया जा रहा है। -अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त
