हल्द्वानी: बरेली के स्मैक माफिया रिजवान की 43.72 लाख की सपंत्ति सीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने बरेली के स्मैक माफिया रिजवान पुत्र शमशाद निवासी फतेहगंज बरेली की 43 लाख 72 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति सीज की है। उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि एसटीएफ ने नौ मार्च …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने बरेली के स्मैक माफिया रिजवान पुत्र शमशाद निवासी फतेहगंज बरेली की 43 लाख 72 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति सीज की है।

उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि एसटीएफ ने नौ मार्च 2021 को भगवानपुर हरिद्वार निवासी सूरज व सोनू को गिरफ्तार कर 577 ग्राम स्मैक बरामद की थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया था कि वे यह स्मैक बरेली निवासी रिजवान से लाकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बेचते थे। जिसके बाद एसटीएफ ने रिजवान, सूरज और सोनू के मोबाइल नंबरों की सीडीआर और रिजवान के बरेली के पांच बैंकों के खातों की जांच की तो पता चला कि उनमें लाखों रुपए जमा हैं।

27 मई को रिजवान की तलाश में फतेहगंज बरेली में दबिश दी तो वह घर से फरार मिला। एसटीएफ ने रिजवान की पत्नी तबस्सुम को गिरफ्तार कर 108 ग्राम स्मैक व दो लाख रुपए बरामद किए। जांच में सामने आया कि रिजवान ने तबस्सुम के दो बैंक खातों में भी लाखों रुपए जमा कराए हैं।

डीजीपी के अनुसार स्टाम्प पेपर व रजिस्ट्रेशन विभाग यूपी की वेबसाइट पर तबस्सुम के नाम बरेली में कई जमीन पंजीकृत मिलीं। जो रिजवान ने अवैध व्यापार से विगत दो वर्षों से कमायी थी। नौ जून 2021 को रिजवान को भी बरेली से गिरफ्तार कर उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से मादक पदार्थो की तस्करी से अर्जित चल व अचल सम्पत्ति से संबंधित कागजात व पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पूछताछ के बाद उसके दो साथियों मिर्जापुर, सहारनपुर निवासी शहजाद व उसकी पत्नी मैसर को भी गिरफ्तार किया गया। इनके बैंक खातों में भी 15 लाख रुपए का लेनदेन मिला। डीजीपी ने बताया कि अभी तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर रिजवान व उसकी पत्नी की चल-अचल संपत्ति को सीज और उनके बैंक खातों को फ्रीज किया गया है।

उत्तराखंड राज्य में छह माह में इस तरह के 38 अभियोग पंजीकृत हो चुके हैं। अभियुक्त रिजवान पर थाना फतेहगंज पश्चिमी बरेली में साल 2018 से 2021 अब तक एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म के सात केस दर्ज हुए हैं। बाकी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भी सहारनपुर, हरिद्वार व देहरादून में एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट में 14 रिपोर्ट दर्ज हुई हैं।

सीज की गई संपत्ति
गांव घटगांव मीरगंज बरेली और फतेहगंज पश्चिमी बरेली में दो-दो प्लॉट, ग्राम मनकरा मीरगंज बरेली और ग्राम चंदनपुर मीरगंज बरेली में दो घर, एक बाइक सुपर स्पेलेण्डर, एक स्कूटर एक्टिवा व एक ट्रैक्टर सीज किया गया। एसबीआई, यूबीआई, बैंक ऑफ इंडिया, एक्सिस बैंक फतेहगंज पश्चिमी बरेली शाखा के अलावा फिनो पेमेंट बैंक मुख्य शाखा, महाराष्ट्र में रिजवान के खाते फ्रीज किए गए।

 

 

 

 

संबंधित समाचार