टनकपुर: धौन-स्वाला के बीच मलबा आने से साढ़े चार घंटे बंद रहा एनएच
टनकपुर, अमृत विचार। चम्पावत जिले में शनिवार की रात्रि से हो रही बरसात से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की सुबह आठ बजे करीब धौन-स्वाला के बीच मलबे के साथ बोल्डर गिरने से मार्ग बंद हो गया, जिससे पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र को आने-जाने वाले वाहन भी फंसे …
टनकपुर, अमृत विचार। चम्पावत जिले में शनिवार की रात्रि से हो रही बरसात से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की सुबह आठ बजे करीब धौन-स्वाला के बीच मलबे के साथ बोल्डर गिरने से मार्ग बंद हो गया, जिससे पर्वतीय और मैदानी क्षेत्र को आने-जाने वाले वाहन भी फंसे रहे।
इस दौरान यात्रियों को भी भारी फजीहत हुई। दोपहर 12:30 बजे जेसीबी मशीन द्वारा मलबा हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारू की जा सकी। इस दौरान साढ़े चार घंटे तक यात्री रास्ते में फंसे रहे। इधर बाराकोट-कोठेरा ग्रामीण सड़क भी मलबा आने से बंद हो गई है। इधर चम्पावत जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा में भी शनिवार की रात को बारिश शुरू हो गई।वही रविवार को भी दिन भर क्षेत्र में रुक रुक कर बारिश होते रही। हालांकि क्षेत्र में हो रही यह बरसात काश्तकारों की धान की फसल के लिए काफी फायदेमंद बताई जा रही है।
शनिवार की रात 10 बजे से जिला मुख्यालय समेत सभी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। रुक-रुक कर हो रही बारिश का सिलसिला चम्पावत में सोमवार की सुबह छह बजे तक जारी रहा। बारिश की गति धीमी होने के कारण सड़कों के बंद होने के अलावा नुकसान की कोई खबर नहीं है। एनएच के ईई एलडी मथेला ने बताया कि धौन-स्वाला के बीच आए मलबे को 12:30 बजे हटाकर एनएच को सुचारू कर दिया गया था।वही मलबा आने से बंद बाराकोट-कोठेरा सड़क को खोलने का काम जारी था। रविवार की सुबह टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर बाटनागाड़ के पास भी आंशिक मलबा आ गया, जिसे हटा लिया गया है।
