किच्छा: पति ने घर से निकाल कर ली दूसरी शादी, न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही पीड़िता
किच्छा, अमृत विचार। गर्भवती पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने वाले आरोपित पति पर दूसरा विवाह करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता कार्यवाही की मांग को लेकर दर-दर भटक रही है। छोटे बच्चे को साथ में लेकर कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रही पीड़िता महिला का आरोप है कि नानकमत्ता …
किच्छा, अमृत विचार। गर्भवती पत्नी को मारपीट कर घर से निकालने वाले आरोपित पति पर दूसरा विवाह करने का आरोप लगाते हुए पीड़िता कार्यवाही की मांग को लेकर दर-दर भटक रही है। छोटे बच्चे को साथ में लेकर कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रही पीड़िता महिला का आरोप है कि नानकमत्ता पुलिस तथा पुलभट्टा थाना पुलिस द्वारा एक दूसरे पर टालमटोल कर पीड़िता को बेवजह परेशान करने का काम किया जा रहा है।
एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल के पास न्याय की गुहार लेकर पहुंची पुलभट्टा कॉलोनी ,थाना पुलभट्टा निवासी पीड़िता मनजीत कौर ने कहा कि बीती 28 नवंबर 2019 को उसका विवाह हिंदू रीति रिवाज से नानकमत्ता निवासी एक युवक के साथ हुआ था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाह के दो माह बाद से उसके पति ने उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट शुरू कर दी और पीड़िता के गर्भवती होने पर उसने बच्चे को जहर देकर मारने की धमकी शुरू कर दी।
आरोप लगाया कि पिछले वर्ष कोरोना की दूसरी लहर की शुरुआत में आरोपित पति ने पीड़िता को गर्भवती अवस्था में मारपीट कर घायल कर दिया। मामले की जानकारी पर जब पीड़िता के भाई उसके ससुराल पहुंचे तो पति ने धमकी दी कि वह वहां से अपनी बहन को साथ ले जाए, नहीं तो वे लोग उसकी बहन को मार देंगे। पीड़िता के अनुसार इस दौरान पति ने उसके पहने हुए जेवर समेत सोने के कड़े छीन लिए और उसे घर से निकाल दिया। बताया कि करीब एक साल से वह अपने मां-बाप के घर पर ही रह रही है। इस दौरान उसने एक पुत्र को भी जन्म दिया।
आरोप लगाया कि उसके पति बलविंदर सिंह ने उसको तलाक दिए बिना ही दूसरा विवाह कर लिया है और पति द्वारा बच्चे की देखभाल व पीड़िता को कोई खर्चा नहीं दिया जा रहा है। पीड़िता ने कहा कि आरोपित पति द्वारा पीड़िता को पुलिस कार्रवाई करने पर धमकाया जा रहा है, जबकि नानकमत्ता पुलिस व पुलभट्टा थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से पीड़िता भटकने को मजबूर है। महिला ने एसडीएम नरेश चंद दुर्गापाल से पति के खिलाफ कार्रवाई कर न्याय की गुहार लगाई है।
