हल्द्वानी: बंदी की हत्या मामले में पुलिस जांच से बच रहा जमानत पर रिहा बंदी, लगातार बदल रहा लोकेशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। काशीपुर के बंदी की हत्या के मामले में जमानत पर रिहा एक बंदी पुलिस जांच से बच रहा है। वह रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से घर नहीं जा रहा है। साथ ही लोकेशन भी बदल रहा है। अब तक वह बयान दर्ज कराने के लिए भी पुलिस के सामने नहीं आया …

हल्द्वानी, अमृत विचार। काशीपुर के बंदी की हत्या के मामले में जमानत पर रिहा एक बंदी पुलिस जांच से बच रहा है। वह रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से घर नहीं जा रहा है। साथ ही लोकेशन भी बदल रहा है। अब तक वह बयान दर्ज कराने के लिए भी पुलिस के सामने नहीं आया है।

रविवार शाम हत्या मामले के जांच अधिकारी कोतवाल मनोज रतूड़ी और पुलिस टीम ने सितारगंज का दौरा किया। जांच टीम ने मामले में एकमात्र गवाह बताए जा रहे सितारगंज निवासी राहुल श्रीवास्तव से बयान के लिए संपर्क किया। लेकिन वह बयान दर्ज कराने प्रस्तुत नहीं हुआ। पुलिस टीम घरवालों से मालूमात करने और उनके बयान दर्ज करने के बाद लौट आई। कोतवाल ने बताया कि राहुल जांच में सहयोग नहीं कर रहा है। कई बार बुलाने के बाद भी बयान दर्ज कराने नहीं आ रहा है।

बता दें कि काशीपुर के कुंडेश्वरी निवासी युवक प्रवेश कुमार की छह मार्च को हल्द्वानी जेल में मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी भारती ने इस मामले में चार जेल कर्मियों के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस रिपोर्ट में सितारगंज निवासी राहुल श्रीवास्तव को जेल कर्मियों की मारपीट का गवाह बताया गया था। दरअसल उस वक्त राहुल भी जेल में बंद था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने भारती को प्रवेश की पिटाई की जानकारी दी थी। मामले के जांच अधिकारी वादी के साथ ही आरोपियों के बयान दर्ज कर चुके हैं। लेकिन जेल कर्मियों की पिटाई का एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी बताया जा रहा राहुल सामने नहीं आ रहा। वह पुलिस जांच में सहयोग नहीं कर रहा है।

संबंधित समाचार