लखीमपुर खीरी: चार तस्कर गिरफ्तार, दो मुंहा सांप बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मैलानी(लखीमपुर खीरी), अमृत विचार। पुलिस व वन विभाग की टीम ने रविवार को चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक दो मुहां सांप बरामद किया है। टीम का दावा है कि तस्कर सांप की बिक्री करने की फिराक में थे। बरामद सांप की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ढाई करोड़ रुपये है। प्रभारी …

मैलानी(लखीमपुर खीरी), अमृत विचार। पुलिस व वन विभाग की टीम ने रविवार को चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक दो मुहां सांप बरामद किया है। टीम का दावा है कि तस्कर सांप की बिक्री करने की फिराक में थे। बरामद सांप की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब ढाई करोड़ रुपये है।

प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की कुछ लोग दुर्लभ प्रजाति के दो मुहां सांप (रेड सैंडबोआ) को बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर एसआई सतीश चंद्र ने वन दरोगा राजेंद्र प्रसाद आदि के साथ ग्राम लाल्हापुर के पास घेराबंदी की।

संयुक्त टीम ने पास स्थित काकोरी तिराहा के निकट तस्कर गिरोह के चार सदस्यों गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी कासिम अली, जलालपुर निवासी संजय कुमार, थाना मैलानी के गांव सिसनौर निवासी सर्वेश कुमार और थाना भीरा के गांव नौगमा निवासी महेंद्र वर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मुंहा सांप बरामद किया।

उन्होंने नगरिया गांव के जंगल में तालाब के पास एक गन्ने के खेत से सांप को पकड़ा था। वे लोग दुर्लभ प्रजाति के सांपों को पकड़ कर बेचकर रकम को आपस में बांट लेते हैं। वन्य जीव अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने चारों आरोपियों का चालान भेजा है।

उधर डीएफओ नार्थ अनिल पटेल ने बताया कि वन्य जीव अमूल्य हैं। उनकी कोई कीमत नहीं है। पुलिस पता नहीं कहां से कीमत खोज लाती है। पुलिस बेवजह इसको सनसनीखेज बनाना चाहती है, इससे जो लोग इस धंधे में नहीं शामिल हैं। वह भी लालच में आकर शामिल हो रहे हैं। पूर्व एसपी पूनम के समय मे भी एक दोमुहां सांप तस्करों के पास मिला था। तब भी पुलिस को चेताया गया था।

संबंधित समाचार