बरेली: जल्द जारी होंगे 1.78 लाख छात्रों के परिणाम
बरेली, अमृत विचार। स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों का परिणाम जल्द जारी होगा। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) ने छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत कर परिणाम जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्नातक व परास्नातक के कुल मिलाकर 1.78 लाख छात्र प्रोन्नत होंगे। परिणाम जुलाई के अंत तक जारी हो सकता …
बरेली, अमृत विचार। स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों का परिणाम जल्द जारी होगा। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय (रुविवि) ने छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत कर परिणाम जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्नातक व परास्नातक के कुल मिलाकर 1.78 लाख छात्र प्रोन्नत होंगे। परिणाम जुलाई के अंत तक जारी हो सकता है। कुलपति ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं, जिसके बाद परीक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
कोरोना काल की वजह से बीते दो साल से शैक्षिक सत्र के साथ परीक्षा में काफी बदलाव आया है। कोरोना की वजह से शासन के निर्देश पर स्नातक प्रथम व द्वितीय और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया गया था। विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं शुरू हो गई थीं और कई छात्रों के प्रश्नपत्र भी हो गए थे।
उस समय नियम रखा गया था जिन छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया जा रहा है, उन्हें पिछली कक्षा के आधार पर औसत अंक दिए जाएंगे। इस वर्ष भी कोरोना की वजह से स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया जाएगा। इस बार भी पिछली कक्षा मिले अंकों के आधार पर प्रोन्नत किया जाएगा। यही वजह है कि स्नातक द्वितीय व तृतीय और परास्नातक अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं आयोजित कराई जा रही हैं।
स्नातक द्वितीय व तृतीय और परास्नातक अंतिम वर्ष के 2.83 लाख छात्र परीक्षा दे रहे हैं। द्वितीय व अंतिम वर्ष के छात्रों के परिणाम 31 अगस्त तक जारी किए जाएंगे। इन अंकों के आधार पर ही उन्हें प्रथम वर्ष व द्वितीय वर्ष के अंक दिए जाएंगे। प्रथम वर्ष के 1.78 लाख छात्रों को अगली कक्षा में जुलाई के अंत तक प्रोन्नत किया जाएगा। बीए प्रथम वर्ष में 95 हजार, बीकॉम प्रथम वर्ष में 11 हजार, बीएससी प्रथम वर्ष में 25 हजार, एमए प्रथम वर्ष में 28 हजार, एमकॉम प्रथम वर्ष में पांच हजार छात्र बिना परीक्षा के अगली कक्षा में प्रोन्नत होंगे। इनके परिणाम पर प्रोन्नत लिखा होगा।
रुविवि ने प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों के अगली कक्षा में प्रोन्नत होने के बाद द्वितीय वर्ष में प्रवेश शुरू किए जाएंगे। इसके बाद छात्रों की पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी। यूजीसी ने भी ऑनलाइन व ऑफलाइन जैसा संभव हो, उस तरह से पढ़ाई कराने को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं।
स्नातक व परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों का परिणाम जुलाई में जारी करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। इन छात्रों को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया जाएगा। – प्रो. केपी सिंह, कुलपति रुविवि
