बदायूं: घर में घुस गई गाय तो टूट गया दरवाजा, दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, अधेड़ की मौत
आसफपुर/बदायूं, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव डरेला में दो पक्षों में मामूली बात पर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के अधेड़ को डंडे मारकर लहूलुहान कर दिया जबकि उसकी बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय अधेड़ की मौत हो गई। मृतक के परिवार की …
आसफपुर/बदायूं, अमृत विचार। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव डरेला में दो पक्षों में मामूली बात पर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के अधेड़ को डंडे मारकर लहूलुहान कर दिया जबकि उसकी बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाते समय अधेड़ की मौत हो गई। मृतक के परिवार की ओर से तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सोमवार की शाम लगभग छह बजे अंकित पुत्र नेत्रपाल की गाय महेंद्र (55) पुत्र दुली राम और उनके भाई शेर सिंह के घर में घुस गई थी। जिससे उनके घर का दरवाजा टूट गया। महेंद्र व शेर सिंह ने अंकित से शिकायत की। इसी बात को लेकर अंकित व उनके परिवार के लोग महेंद्र व शेर सिंह के घर जाकर गाली-गलौज करने लग गए। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को पीटना शुरू कर दिया। महेंद्र की लाठी से पिटाई शुरू कर दी।

पिता को पिटता देख उनकी बेटी काजल बचाने के लिए दौड़ी तो आरोपियों ने उसे भी लाठी मार दी। जिससे वह बेहोश हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो अंकित व उनका परिवार भाग निकला। पुलिस ने एक पक्ष से शेर सिंह पुत्र दुलीराम और दूसरे पक्ष से अंकित पुत्र नेत्रपाल का धारा 151 में चालान कर दिया। घटना के दिन ही तहरीर दी गई लेकिन पुलिस ने पहले मेडिकल कराने की बातकर वापस भेज दिया।

मंगलवार रात को महेंद्र को खून की उल्टी शुरू हो गई। बुधवार को सुबह उपचार के लिए चंदौसी लेकर जाते समय गांव नगला जैत के पास महेंद्र ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलने पर सीओ बिसौली विनय कुमार चौहान मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक महेंद्र के भाई शेर सिंह की तहरीर पर फैजगंज बेहटा पुलिस ने आरोपी अंकित पुत्र नेत्रपाल, शशिकांत पुत्र राम किशोर, प्रशांत पुत्र वीरपाल और सत्यपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार चल रहे हैं।
फैजगंज बेहटा एसओ अजय चाहर ने बताया कि मृतक महेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर प्राप्त हुई थी। चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
