बरेली: गलत इंजेक्शन लगाने से प्रसूता की मौत का आरोप
बरेली, अमृत विचार। जिले के मीरगंज क्षेत्र में संचालित कई नर्सिंग होम और जच्चा-बच्चा केंद्र बिना पंजीकरण के चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की मेहरबानी पर चल रहे इन नर्सिंग होम और अस्पतालों पर साल भर में आधा दर्जन से अधिक मौत हो चुकी हैं। अभी भी यह सिलसिला जारी है। दो दिन पहले ही …
बरेली, अमृत विचार। जिले के मीरगंज क्षेत्र में संचालित कई नर्सिंग होम और जच्चा-बच्चा केंद्र बिना पंजीकरण के चल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की मेहरबानी पर चल रहे इन नर्सिंग होम और अस्पतालों पर साल भर में आधा दर्जन से अधिक मौत हो चुकी हैं। अभी भी यह सिलसिला जारी है। दो दिन पहले ही कस्बे में स्थित एक नर्सिंग होम में जच्चा और बच्चा दोनों की जान चली गई। इससे मृत महिला का पति सदमे में है और अस्पताल पर गलत इलाज का आरोप लगाया है।
कस्बा क्षेत्र स्थित एक मकान में चल रहे जच्चा-बच्चा केंद्र पर 18 जुलाई की रात क्षेत्र के गांव करमपुर निवासी शिव नारायन की पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई। आशा के कहने पर पत्नी को इस प्रसव केंद्र पर लाया गया। आरोप है कि डाक्टर ने प्रसूता का गलत इलाज किया। आपरेशन में लापरवाही कर दी। इस कारण जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई। अस्पताल वालों ने आठ हजार रुपये भी ले लिए और शव को जबरन एंबुलेंस से घर भिजवा कर अंतिम संस्कार करा दिया।
आरोप है कि महिला को खून चढ़ाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। निजी अस्पतालों से आशाओं को मोटा कमीशन दिया जाता है। सीएचसी पर न ले जाकर कमीशन के चक्कर में निजी अस्पतालों पर ले जाकर मरीजों की जान से खिलवाड़ करा रही हैं। सीएचसी प्रभारी डा. अमित कुमार ने घटना की जानकारी से इनकार कर कहा कि किसी से भी लिखित व मौखिक शिकायत नहीं मिली है। सीएमओ डा. बलबीर सिंह ने बताया कि उन्हें फिलहाल घटना के संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
