मुरादाबाद: गोवा पुलिस ने दबोचा दुराचार का आरोपी, युवती ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। गोवा पुलिस ने बुधवार सुबह भगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले दुराचार के आरोपी को सिविल लाइंस क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। छह माह पूर्व उसने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुराचार किया था। पुलिस ने युवती की मां को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। गोवा पुलिस ने बुधवार सुबह भगतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले दुराचार के आरोपी को सिविल लाइंस क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। छह माह पूर्व उसने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुराचार किया था। पुलिस ने युवती की मां को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। दोनों आरोपियों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद गोवा पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया। वहां से ट्रांजिट रिमांड पर उन्हें अपने साथ ले गई।
भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव पठानों वाली मिलक निवासी रहीम खान गोवा में बेल्डिंग का काम करता था। वहीं पर उसका परिचय मेडिकल स्टोर पर काम करने वाली युवती से हुआ। धीरे-धीरे रहीम खान युवती के घर भी जाने लगा। इस दौरान युवती के पूरे परिवार से उसकी जान पहचान हो गई। शादी का झांसा देकर उसने युवती से कई बार दुराचार किया। इससे युवती गर्भवती हो गई।
इस दौरान युवक ने युवती की मां को भी अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। रहीम ने उसकी छोटी बेटी से शादी करने की इच्छा जताई। उसके प्रेम में अंधी हुई युवती की मां अपनी नाबालिग बेटी से युवक की शादी करने के लिए तैयार हो गई। इस बीच उसने अपनी बड़ी बेटी का गर्भपात भी करा दिया। जब युवती को अपनी मां के इरादों की भनक लगी तो उसने साउथ गोवा जनपद के मारगांव टाउन थाने में शिकायत कर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवती की मां पर जबरन गर्भपात कराने और रहीम खान के खिलाफ दुराचार का मुकदमा दर्ज किया। मौका पाकर रहीम खान वहां से भागकर अपने घर आ गया। बुधवार को उसकी तलाश में मारगांव टाउन थाने की महिला दरोगा विभावरी गावंकर टीम के साथ सिविल लाइंस थाने पहुंची। इसके बाद दुराचार के आरोपी रहीम खान को गोवा पुलिस ने अगवानपुर टेंपो स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।
गोवा पुलिस युवती की मां को भी अपने साथ लेकर आई थी। दोपहर में पुलिस ने युवती की मां और दुराचार के आरोपी रहीम खान का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर अपने साथ गोवा ले गई। पुलिस के साथ युवती का पिता और अन्य परिजन भी मुरादाबाद आए थे। युवती का पिता मूल रूप से अमरोहा के मोहल्ल कटकुई का रहने वाला है। वह करीब 20 साल पूर्व गोवा में जाकर बस गया था। युवती का पिता वहां फैब्रिकेशन का काम करता था।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर सहंसरवीर सिंह, ने बताया कि गोवा पुलिस पीड़ित युवती की मां को अपने साथ लेकर आई थी। आरोपी युवक को अगवानपुर टेंपो स्टैंड से गिरफ्तार किया था। आरोपी महिला और युवक को अदालत में पेश किया गया। वहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर गोवा पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ ले गई।
