ईद पर घरों से मस्जिदों तक कोरोना के खात्मे के लिए मागीं दुआ, मस्जिदों में 50-50 लोगों ने अदा की नमाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर,अमृत विचार। ईद-उल-अजहा की नमाज जामा मस्जिद में बुधवार की सुबह अदा की गई। खुतबे में मौलाना ने कहा कि कुर्बानी जानवरों की ही नहीं बल्कि, अपने नफ्स, ख्वाहिशात की कुर्बानी भी दें। शासन की गाइड लाइन के चलते मस्जिदों में 50-50 लोगों ने नमाज अदा की। इसके अलावा लोगों ने घरों पर रहकर ईद …

रामपुर,अमृत विचार। ईद-उल-अजहा की नमाज जामा मस्जिद में बुधवार की सुबह अदा की गई। खुतबे में मौलाना ने कहा कि कुर्बानी जानवरों की ही नहीं बल्कि, अपने नफ्स, ख्वाहिशात की कुर्बानी भी दें। शासन की गाइड लाइन के चलते मस्जिदों में 50-50 लोगों ने नमाज अदा की। इसके अलावा लोगों ने घरों पर रहकर ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद घरों से लेकर मस्जिदों तक कोरोना जैसी जानलेवा बीमारी से इंसानियत के बचाव के लिए दुआ की गई।

शहर की जामा मस्जिद में मौलाना रेहान खां ने ईद की नमाज अदा कराई। मौलाना ने खुतबे में कहा कि ईद-उल-अजहा पर उन्हीं जानवरों की कुर्बानी करें जिनकी कुर्बानी के लिए सरकार ने इजाजत दी है। ऐसा कोई काम नहीं करें जिनसे आपसी इंतशार पैदा हो। उन्होंने कहा कि बकरा, दुंबा, भेड़, भैंस, कटरे की कुर्बानी के साथ-साथ अपने नफ्स आर ख्वाहिशात की कुर्बानी भी पश करें। कहा कि कोरोना जैसी बीमारी के दौरान आपस में कम से कम दो गज की दूरी बनाकर रहें और मास्क का जरूर इस्तेमाल करें।

ईद आपसी मोहब्बतों को बढ़ावा देती है इसलिए आपसी नफरतों को खत्म करें। अपने घर, पड़ोसियों और रिश्तेदारों से हमदर्दी से पेश आएं। कुर्बानी का गोश्त फ्रिज में नहीं भरें बल्कि ज्यादा से ज्यादा गरीबों में तकसीम करें। यतीमों और बेसहारा लोगों की मदद करें। कुर्बानी करते हुए वीडियो वायरल नहीं करें सड़कों पर किसी तरह की गन्दगी न हो साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए। हर दुआ पर नमाजी बारगाहे खुदावंदी में हाथ उठाए हुए आमीन कहते रहे। इस दौरान सर्राफा बाजार, पुरानी तहसील, चाकू बाजार, जच्चा-बच्चा सेंटर पर भारी तादाद में पुलिस बल तैनात रहा।

ईदगाह में नहीं अदा हुई नमाज
कोरोना बीमारी के मद्देनजर ईद-उल-अजहा की नमाज शाहबाद गेट स्थित ईदगाह में अदा नहीं की गई। इसका ऐलान ईद से दो दिन पूर्व काजी-ए-शहर सैयद खुशनूद मियां की ओर से कर दिया गया था।

शिया जामा मस्जिद में भी अदा की नमाज
रामपुर। मकबरा जनाबे आलिया स्थित शिया जामा मस्जिद में ईद की नमाज मौलाना अली मोहम्मद रिजवी ने पढ़ाई। इससे पहले मौलाना ने खुतबे में कहा कि हजरत इब्राहीम ने अल्लाह की मंशा के मुताबिक अपने बेटे हजरत इस्माइल की कुर्बानी देने के लिए मैदान में पहुंच गए। लेकिन, अल्लाह ने हजरत इस्माइल को बचाकर दुंबे को रख दिया। कहा कि अल्लाह की मंशा के मुताबिक इंसान को काम करना चाहिए। वह सबसे पहले नमाज पढ़े और इसके बाद अल्लाह के दीन पर चलते हुए लोगों की ज्यादा से ज्यादा खिदमत करे। अल्लाह अपने बंदों की खिदमत करने वालों से बहुत खुश होता है। कुर्बानी ऐसे जानवर पर करें जिनके लिए सरकार ने रजामंदी दी है। मस्जिद में 50 लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद मौलाना ने दुनिया से कोरोना जैसी बीमारी से निजात दिलाने के लिए रब की बारगाह में दुआ कराई।

पटवाई में ईद का जश्न मनाया
पटवाई। पटवाई में भी ईद-उल-अजहा सादगी से मनाई गई। इमामबाड़े वाली मस्जिद में ईद-उल-अजहा के मौके पर मुस्लिम स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन के उपाध्यक्ष वसीम खान रजवी ने तकरीर में कहा कि हमारे मुल्क में अलग-अलग जाति व धर्म के लोग रहते हैं। हर साल देशवासी अपने धर्म के हिसाब से तमाम त्योहार खुशी और भाईचारे के साथ मिलजुल कर मनाते हैं। यह परंपरा सदियों पुरानी है और आगे भी इसी तरह भाईचारा बरकरार रखें। उन्होंने कोरोना के चलते सरकार से जारी गाइडलाइन का भी पालन करने की अपील की। नमाज के बाद मुल्क की तरक्की, खुशहाली और भाईचारे की दुआ कराई गई।

सुरक्षा के लिहाज से मस्जिदों के पास तैनात रही पुलिस
रामपुर। जिलेभर में बकरीद को लेकर जिला छावनी में तब्दील हो गया, मस्जिदों के आसपास पुलिस तैनात रही। इस दौरान पुलिस कई मोहल्लों में गश्त करती रही। ताकि, कहीं पर भी किसी तरह का बवाल नहीं हो सके। कड़े पहरे के लिए पुलिस, महिला पुलिस व पीएसी भी तैनात रही।

कोरोना संक्रमण के चलते सभी त्योहारों को मनाने का तरीका बदल चुका है। बुधवार को जिले भर में बकरीद मनाई जा रही है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने 50 से अधिक लोगों को मस्जिद में नमाज अदा नहीं करने के सख्त आदेश दे रखे है। उसी के मद्देनजर सुबह से ही जिलेभर में मस्जिदों के आसपास काफी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। ताकि लोग भीड़ अधिक नहीं लगा सके।

अधिकारी भी जिले भर में गश्त करते रहे। जबकि थाना प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों पुलिस बल के साथ गश्त करते रहे। बकरीद को शांति पूर्वक मनाने को लेकर अधिकारी पिछले कई दिनों से उलेमा के साथ मीटिंग करके अपील कर रहे। ताकि इस त्योहार को लोग शांति पूर्वक मना सके।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम द्वारा ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पर्व को दृष्टिगत रखते हुए, नगर क्षेत्र में शाहबाद गेट, हाथीखाना चौराहा, कोतवाली, चाकू बाजार, जामा मस्जिद, सर्राफा बाजार, जिला कारागार, गंज आदि स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए भ्रमण किया गया तथा आमजन से कोविड-19 की गाईड लाइन का पालन करने की अपील की गई। बकरीद पर्व को सकुशल संपन्न कराने में लगे पुलिस बल को चेक किया गया तथा उनको डयूटी संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए।

ईद पर जिला जेल में नहीं हो सकी मिलाई
कोरोना काल के चलते प्रदेश भर के जिला कारागारों में मिलाई पर रोक लगाने के आदेश दे रखे हैं। तभी से मिलाई पर रोक चल रही है। बुधवार को बकरीद के मौके पर जिला कारागार सूना पड़ा रहा।
देशभर में पिछले साल कोरोना संक्रमण ने दस्तक दी थी, जिसके बाद कई माह का लाकडाउन लगा दिया गया था। इस दौरान संक्रमण पर रोक लगाने के लिए प्रदेश भर के जेलों में भी मिलाई पर रोक लगा दी गई थी। तभी से जिला कारागार में मिलाई बंद चल रही है।

कई त्योहारों भी बंदियों के सूने हो चुके हैं। बुधवार को देश भर में बकरीद का त्योहार मनाया जा रहा है, लेकिन जिला कारागार का गेट सूना पड़ा रहा, नहीं तो हर साल ईद के मौके पर जेल में मिलाई करने वालों की भीड़ लगी रहती थी। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया के शासन के आदेश के बाद से जेल में मिलाई बंद चल रही है।इद पर भी मिलाई बंद रही।

नूर महल में काफी संख्या में लोग मुबारकबाद पहुंचे
रामपुर। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने इस बार ईद-उल-अज़हा सादगी से मनाई। नूर महल में ईद-उल-अज़हा पर काफी संख्या में लोग मुबारकबाद के लिए पहुंचे, लेकिन गले मिलकर बधाई के बजाय नवेद मियां ने लोगों से वर्तमान परिस्तिथियों पर बातचीत की। हालांकि, नवेद मियां ने कुर्बानी कर सुन्नत-ए-इब्राहीम अदा की और नूरमहल आने वालों का शुक्रिया अदा किया। पीआरओ काशिफ खां ने बताया कि नवेद मियां के बहनोई साहिबज़ादा मोहम्मद इरफ़ान खां का इंतकाल हो जाने की वजह से इस बार नूरमहल में ईद-उल-अज़हा पर सादगी का माहौल रहा।

स्वार में मस्जिदों में अदा की ईद की नमाज
स्वार एवं ग्रामीण क्षेत्र में ईदुल अजहा की नमाज मस्जिदों में अदा की। इसके बाद पशुओं की कुर्बानी देने का सिलसिला शुरू हो गया।कोरोना काल के चलते इस बार भी ईदुल अजहा की नजाम सोशल डिस्टेंसिंग के मुसलमानों ने मस्जिदों में ही अदा की।

सरकार की गाइड लाइन का पालन करते हुए ईद की नमाज अदा करने मस्जिदों में बहुत कम नमाजी पहुंचे।अधिकतर लोगों ने अपने घरों में ही जमात बनाकर नमाज अदा की। इस तहर आज नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में लाखों मुसलमानों ने ईदुल अजहा की नमाज अदा की।नमाज अदा करने के बाद इमाम साहब ने खुतबा पढ़ा।

नमाज से पहले उलेमा ने मुसलमानों को कुर्बानी को लेकर खिताब किया ताकि, कुर्बानी करते समय किसी तरह की कोताही न हो सके। ईद की नमाज अदा करने के बाद नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में पशुओं की कुर्बानी करने का सिलसिला शुरू हो गया। एसडीएम यमुनाधर चौहान, सीओ धर्म सिंह मार्छल,तहसीलदार आर्ची गुप्ता और कोतवाल रूम सिंह बघेल पूरे दिन क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। ईद की नमाज और कुर्बानी शांति पूर्वक निपटने पर पुलिस एवं प्रशासन ने राहत की सांस ली।

ड्रोन कैमरे उड़ा कर पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
सैदनगर,अजीमनगर थाना क्षेत्र में तीसरी आंख से ईद उल अजहा के मौके पर पुलिस ने निगरानी की। क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर पुलिस ने ड्रोन कैमरे उड़ाए। इस दौरान ईद की नमाज से लेकर कुर्बानी पर विशेष नजर रखी गई।
ईद उल अजहा को लेकर प्रशासन की तैयारी काफी दिनों से चल रही थी। थाने स्तर से लेकर पुलिस चौकियों पर गणमान्य लोगों की बैठक हो रही थी। बैठक में पुलिस ने खुले में कुर्बानी नहीं करने की अपील की थी।

संबंधित समाचार