नैनीताल: राजभवन मार्ग का 30 मीटर हिस्सा चढ़ा विभागीय लापरवाही की भेंट
नैनीताल, अमृत विचार। बीते 4 दिनों से सरोवर नगरी नैनीताल में हो रही तेज झमाझम बारिश के चलते नैनीताल की राज भवन रोड का 30 मीटर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिस वजह से अब रोड पर आवाजाही पूरी तरह से बंद हो चुकी है। रोड पर बीते दिनों दरारें पड़ने लगी थीं जिसके बाद …
नैनीताल, अमृत विचार। बीते 4 दिनों से सरोवर नगरी नैनीताल में हो रही तेज झमाझम बारिश के चलते नैनीताल की राज भवन रोड का 30 मीटर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया जिस वजह से अब रोड पर आवाजाही पूरी तरह से बंद हो चुकी है।
रोड पर बीते दिनों दरारें पड़ने लगी थीं जिसके बाद लोक निर्माण विभाग के द्वारा सड़क पर पड़ी दरार को ढकने के लिए पॉलिथीन डाल दी ताकि दरारों में पानी का रिसाव ना हो लेकिन विभाग का यह जुगाड़ काम नहीं आया और देर रात करीब 12:00 बजे बारिश के दौरान राजभवन रोड का 30 मीटर का हिस्सा पूरी तरह ढह गया जिसकी चपेट में सड़क के नीचे बनी करीब 10 दुकानें भी आ गई है।
वहीं सड़क बंद होने से डीएसबी कॉलेज राजभवन समेत आसपास के क्षेत्र के लोगों को लंबा सफर तय कर अपने घरों तक जाना होगा।
आपको बताते चलें कि राजभवन रोड का क्षेत्र भूगर्भीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील है और 1999 में राज भवन रोड डीएसबी कालेज के पास बड़ा भूस्खलन हुआ था जिसके बाद से क्षेत्र में लगातार अब छोटे-छोटे भूस्खलन होने लगे लेकिन इन भूस्खलनों की तरह लोक निर्माण विभाग कभी गंभीर नहीं दिखा।
राज भवन रोड की तलहटी पर स्थित दुकानदारों का कहना है कि लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के चलते आज तक का हिस्सा गिरा है क्योंकि काफी लंबे समय से रोड पर दरारे पड़ रही थी लेकिन हमेशा विभाग उत्पाद जामा से दरारों को ढक कर चले जाता था और नतीजा आज सड़क 30 मीटर हिस्सा पूरी तरह से गिर गया।
घटना के बाद आज जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर जिलाधिकारी, लोनिवि, विद्युत व वन के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर वन विभाग व वन निगम के अधिकारियों को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील पेड़ों को तुरन्त काटने का कार्य आज ही प्रारम्भ करने के निर्देश दिये।
पेड़ काटने के लिए जिलाधिकारी ने मौके पर ही आपदा मद से 30 हजार रूपये स्वीकृत किये, उन्होंने मौके पर मौजूद अधिशासी अभियन्ता लोनिवि व उपखण्ड अधिकारी विद्युत को संयुक्त निरीक्षण कर सड़क मरम्मत में बाधक अथवा संवेदनशील पेड़ों को चिन्हित कर तुरन्त डीएलएम को बताने के निर्देश दिये ताकि उन्हें काटा जा सके। निरीक्षण के दौरान एडीएम अशोक जोशी, सीओ सिटी संदीप नेगी, अधिशासी अभियन्ता लोनिवि दीपक गुप्ता, डीएलएम दिनेश चन्द्र पंत, उपखण्ड अधिकारी विद्युत पयंक पाण्डे आदि मौजूद रहे।
