टनकपुर: एसडीएम का धर्मशाला में छापा, बिना दस्तावेज ठहरे मिले बंजारे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,टनकपुर। कुछ संदिग्ध लोगों के ठहरने की सूचना पर टनकपुर श्री पूर्णागिरि तहसील के उपजिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने बुधवार की रात टनकपुर बैराज मार्ग में स्थित एक धर्मशाला में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जब उन्होंने धर्मशाला में रह रहे बंजारों के रिकार्ड की जांच की तो धर्मशाला के रजिस्टर में उनका नाम पता …

अमृत विचार,टनकपुर। कुछ संदिग्ध लोगों के ठहरने की सूचना पर टनकपुर श्री पूर्णागिरि तहसील के उपजिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने बुधवार की रात टनकपुर बैराज मार्ग में स्थित एक धर्मशाला में औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान जब उन्होंने धर्मशाला में रह रहे बंजारों के रिकार्ड की जांच की तो धर्मशाला के रजिस्टर में उनका नाम पता ही दर्ज नहीं था। इस पर एसडीएम ने धर्मशाला स्वामी को फटकार लगाई। उन्होंने होटल स्वामी को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि इस तरह की पुनरावृति दोबारा पाई गई तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इधर एसडीएम की इस कार्रवाई से नगर के होटल स्वामियों में भी खासा हड़कंप मचा रहा।

बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से यह शिकायत मिल रही थी कि टनकपुर शारदा चुंगी से लगे बैराज मार्ग के पास स्थित एक धर्मशाला में कुछ बंजारे रहकर गलत गतिविधियां कर रहे हैं। शिकायत मिल रही थी कि टनकपुर की एक धर्मशाला में रह रहे बंजारे पिछले कुछ दिनों से नगर में टोली बनाकर घूम रहे हैं और लोगों को गुमराह कर उनसे वसूली भी कर रहे हैं।

इस सूचना के आधार पर बुधवार की रात एसडीएम नंदा धर्मशाला पहुंचे और उन्होंने धर्मशाला के दस्तावेज एवं पंजीकरण रजिस्टर जांचा तो वहां रह रहे करीब तीन दर्जन बंजारों का पूरा नाम व पता दर्ज नहीं किया गया है, जबकि यहां पर बंजारे अपने परिवार के साथ पिछले कुछ दिनों से रह रहे थे। एसडीएम ने धर्मशाला स्वामी को इस लापरवाही के लिए फटकार लगाते हुए इस तरह की गलती भविष्य में न करने की सख्त चेतावनी दी। एसडीएम ने बताया कि धर्मशाला में ठहरे बंजारे जिसमें पुरुष,महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे जो गुरुवार को टनकपुर से दिल्ली चले गए हैं।

बताया कि बंजारों के पास दिल्ली के एक बस्ती के आधार कार्ड प्राप्त हुए हैं। पूछताछ में बंजारों ने बताया कि वह कुछ समय के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में रहकर गुजर बसर कर फिर दोबारा अन्य स्थानों के लिए चले जाते हैं। एसडीएम ने नगर के सभी होटल स्वामियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वह हर किसी यात्री का दस्तावेज लेकर ही उन्हें प्रवेश दें। इस अभियान के दौरान नायब तहसीलदार पिंकी आर्या, पुलिस उप निरीक्षक नीशू गौतम, राजस्व उप निरीक्षक पवन जुकरिया, केएस बोहरा, कांस्टेबल सचिन कुमार, शंकर दत्त, सुरेंद्र नाथ आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार