अल्मोड़ा: गांव में गुलदार के खौफ से सहमे लोग, वन विभाग से की शीघ्र गुलदार को पकड़ने की मांग
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिला मुख्यालय से लगे सल्ला गांव में गुलदार का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गुलदार अब तक कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। जबकि ग्रामीण गुलदार को कई बार गांव के आसपास देख चुके हैं। जिस कारण अब उनका इधर उधर जाना दूभर हो गया है। …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिला मुख्यालय से लगे सल्ला गांव में गुलदार का खौफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गुलदार अब तक कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। जबकि ग्रामीण गुलदार को कई बार गांव के आसपास देख चुके हैं। जिस कारण अब उनका इधर उधर जाना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से शीघ्र गुलदार को पकडऩे की मांग की है।
सल्ला निवासी सामाजिक कार्यकर्ता इंद्र सिंह भोज ने बताया कि आधा दर्जन से अधिक मवेशियों को अपना शिकार बनाने के बाद भी गुलदार अभी भी अपने शावकों के साथ गांव की सीमा में ही विचरण कर रहा है। कई बार उसे गांव के आसपास भी देखा गया है। भोज ने बताया कि इन दिनों बरसात का मौसम होने के कारण चारों ओर घनी झाडिय़ां उगी हुई हैं।
ऐसे में गुलदार कब कहां से किस पर हमला कर दे कह नहीं सकते। उन्होंने बताया कि गुलदार के खौफ के कारण अब गांव की महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों का इधर उधर जाना दूभर हो गया है। उन्होंने बताया कि गुलदार के आतंक के बारे में कई बार वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई। लेकिन उन्होंने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की। जिस कारण अब ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीण गिरीश सिंह मेहता, मदन सिंह, गोविंद सिंह, ललित, महिमन, अर्जुन, खीमपाल भोज आदि ने शीघ्र कोई कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी विभाग को दी है।
