अल्मोड़ा: अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त कपिलेश्वर पेयजल योजना नहीं हुई दुरुस्त
अमृत विचार, अल्मोड़ा। पिछले दिनों हुई लगातार अतिवृष्टि के कारण कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त कपिलेश्वर पेयजल योजना को अभी तक दुरुस्त नहीं किया जा सका है। जिस कारण लमगड़ा विकास खंड के चार दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लमगड़ा …
अमृत विचार, अल्मोड़ा। पिछले दिनों हुई लगातार अतिवृष्टि के कारण कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त कपिलेश्वर पेयजल योजना को अभी तक दुरुस्त नहीं किया जा सका है। जिस कारण लमगड़ा विकास खंड के चार दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लमगड़ा विकास खंड की कपिलेश्वर पेयजल योजना से क्षेत्र के पलना, सत्यों, असोटा, सिलखोड़ा, रालाकोट, रतखान, गंगापानी, कलसीमा, चौमू, सैलसीमा, उरेगी, सिमल्टी, मेरधूरा, ऐंचोली, जलना समेत साठ से अधिक गांवों को पेजल आपूर्ति की जाती है। लेकिन पिछले दिनों हुई बारिश के कारण जलना टैंक को पेयजल आपूर्ति करने वाली पेयजल लाइन भूस्खलन के कारण ध्वस्त हो गई। जबकि बारिश के कारण कई दिनों तक बिजली आपूर्ति न होने के कारण इस योजना से पंपिंग भी नहीं हो पाई।
जिस कारण क्षेत्र के चार दर्जन से अधिक गांवों में पेयजल कि लिए हाहाकार मचा हुआ है। मजबूरी में लोग आसपास के नौले धारों से जैसे तैसे पेयजल की व्यवस्था कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सतवाल ने कहा कि विभागीय लापरवाही के चलते पिछले पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति दुरुस्त नहीं हो सकी है। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र आपूर्ति सुचारू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जलना टैंक की लाइनों को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। बिजली की समस्या के बारे में भी ऊर्जा निगम के अधिकारियों को जानकारी दी गई है। लेकिन बारिश के कारण सिल्ट की समस्या भी बार बार पैदा हो रही है। जिससे पेयजल आपूर्ति करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
– पवन जोशी, अवर अभियंता, जल संस्थान
