बरेली: बिना स्ट्रांग रूम के चल रहीं मुख्य परीक्षाएं
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाओं में कई तरह की कमियां लगातार सामने आ रही हैं। कई महाविद्यालयों में नकल रोकने के लिए स्ट्रांग रूम ही नहीं बनाए गए हैं, तो कई में सीसीटीवी कैमरे खराब मिले हैं। उड़न दस्तों के निरीक्षण में कमियां पकड़ी जा रही हैं। कई जगह नकल सामग्री …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाओं में कई तरह की कमियां लगातार सामने आ रही हैं। कई महाविद्यालयों में नकल रोकने के लिए स्ट्रांग रूम ही नहीं बनाए गए हैं, तो कई में सीसीटीवी कैमरे खराब मिले हैं। उड़न दस्तों के निरीक्षण में कमियां पकड़ी जा रही हैं। कई जगह नकल सामग्री भी पकड़ी जा चुकी है। विश्वविद्यालय परिसर में भी कंट्रोल रूम को मॉर्डन बनाया जाना था, जो इस बार बनकर तैयार नहीं हो सका है। इसके पीछे की वजह कोरोना महामारी बताई जा रही है। शनिवार को मुख्य परीक्षा में 2 नकलचियों को पकड़ा गया।
20 जुलाई को विश्वविद्यालय के सचल दल ने बिजनौर और मुरादाबाद के 10 महाविद्यालयों में निरीक्षण किया था। इस दौरान दो महाविद्यालयों में स्ट्रांग रूम और कंट्रोल रूम नहीं बने थे। इससे साफ था कि यहां नकल रोकने के कोई इंतजाम नहीं थे। सचल दल ने इसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को दी थी। 23 जुलाई को उड़न दस्ते ने शाहजहांपुर मिर्जापुर के दो महाविद्यालयों में नकल पकड़ी थी।

यहां के एक महाविद्यालय में भी कंट्रोल रूम काम नहीं कर रहा था। यहां के सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े थे। इसके अलावा भी कई महाविद्यालयों में नकल रोकने के पर्याप्त इंतजाम न होने, कंट्रोल रूम न होने, सीसीटीवी खराब होने और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी न करने की शिकायतें विश्वविद्यालय प्रशासन के पास पहुंच रही हैं। जल्द ही इन महाविद्यालयों पर कार्रवाई की जा सकती है।
दूसरी तरफ विश्वविद्यालय ने भी कंट्रोल रूम को मॉर्डन करने की तैयारी की थी। इसके लिए एक कक्ष में कई बड़े मॉनिटर लगाने की तैयारी थी। परीक्षा नियंत्रक के कक्ष में भी एक मॉनीटर लगाया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया था। इस कंट्रोल रूम से सभी महाविद्यालयों में हो रही परीक्षा की निगरानी की जानी थी लेकिन इस बार यह कंट्रोल रूम विकसित नहीं किया जा सका है।
1931 छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
शनिवार को स्नातक द्वितीय व तृतीय और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा में 43484 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें 12857 छात्र और 30627 छात्राएं शामिल रहीं। शनिवार को 1931 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी, जिनमें 287 छात्र और 1644 छात्राएं हैं। एक दिन में पहली बार इतने छात्रों ने परीक्षा छोड़ी है। वहीं एक छात्र व एक छात्रा को नकल करते पकड़ा गया। छात्रा को पहली और छात्र को दूसरी पाली में पकड़ा गया।

फिर बदली जाएंगी परीक्षा की तिथियां
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा की तिथियों में एक बार फिर से बदलाव किया जाएगा। यह बदलाव बीएड प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव की वजह से किया जाएगा। इससे पहले विश्वविद्यालय ने 29, 30 और 31 जुलाई को होने वाली परीक्षाओं की वजह से तिथियां बदली थीं। इन तिथियों की परीक्षाएं 12, 13 व 14 अगस्त को निर्धारित की गई हैं। अब बीएड प्रवेश परीक्षा 6 अगस्त को होगी। इसके साथ ही 7 और 8 अगस्त को टीजीटी की भी परीक्षा होगी। 5 व 6 अगस्त के अलावा अन्य दिनों होने वाली परीक्षाएं बाद में कराई जाएंगी।
बार-बार तिथियां बदलने से परीक्षाओं में देरी होगी। हालांकि तिथियां स्नातक के छात्रों की बदली जाएंगी, क्योंकि परास्नातक के छात्रों की इस दिन कोई परीक्षा नहीं है। इसके साथ ही 16, 17 व 18 अगस्त को ओपन बुक प्रयोगात्मक परीक्षा के असाइनमेंट की तिथियों में भी बदलाव किया जा सकता है, क्योंकि 17 और 18 अगस्त को पीजीटी की परीक्षा हो रही है। जल्द ही विश्वविद्यालय बदली हुई तिथियों की जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर देगा।
