बरेली: 596 पंचायत भवन अधूरे, छह के लिए जमीन नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सरकार की मंशा है कि गांव में ही एक जगह पर विभाग के सभी लोग आसानी से मिल जाए। इसके लिए हर ग्राम पंचायत में पंचायत घर की स्थापना के आदेश दिए हैं लेकिन सीडीओ की फटकार और बीडीओ को नोटिस जारी करने के बाद भी निर्माण कार्य की प्रगति काफी धीमी …

बरेली, अमृत विचार। सरकार की मंशा है कि गांव में ही एक जगह पर विभाग के सभी लोग आसानी से मिल जाए। इसके लिए हर ग्राम पंचायत में पंचायत घर की स्थापना के आदेश दिए हैं लेकिन सीडीओ की फटकार और बीडीओ को नोटिस जारी करने के बाद भी निर्माण कार्य की प्रगति काफी धीमी है। अब तक मात्र 127 पंचायत भवन ही पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 596 पंचायतों में निर्माण का काम जारी है। छह ग्राम पंचायतों में तो पंचायत भवन के लिए अब तक विभाग जमीन ही नहीं तलाश सका है। ऐसे में नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी बेअसर साबित होती दिख रही है।

बता दें, मुख्यमंत्री ने जिले की जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं है, वहां निर्माण के निर्देश दिए थे। माना जा रहा था कि ग्राम पंचायत भवनों में पंचायत सहायक की तैनाती होने से काफी हद तक गांव वालों की सुविधा मिल सकेगी लेकिन यह पंचायत भवन विभाग का सिरदर्द बने हैं। पिछले दिनों सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग ने पंचायत भवन निर्माण की समीक्षा में कार्य की धीमी प्रगति पर संबंधित बीडीओ को नोटिस जारी किए थे।

समीक्षा में यह भी पता चला था कि बरेली की 1193 में से 721 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन बनने हैं। इनके लिए जगह भी चिह्नित हैं। बावजूद मात्र 127 पंचायत भवन ही तैयार किए जा चुके हैं। जबकि 596 अपूर्ण और छह पंचायत भवन के लिए भूमि नहीं मिलने के कारण पेंच फंसा होने की जानकारी मिली थी। इस पर एसडीएम से मिलकर जमीनी विवाद निस्तारित के आदेश दिए थे लेकिन स्थिति अब भी पुरानी जैसी बनी है। विभाग जमीन के लिए गांव वालों के सामने झोली फैला रहा है। विभाग चाह रहा कि कोई अपनी भूमि दे दे और उनकी लाज बच जाए। हालांकि अब पंचायती राज विभाग नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों का उत्साहवर्धन कर जमीन की व्यवस्था में जुट गया है।

पंचायत घर में होंगी यह सुविधाएं

  • विभिन्न योजनाओं व स्रोतों से प्राप्त धनराशि का विवरण
  • योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जारी आदेश
  • बीपीएल परिवारों की सूची
  • विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की सूची
  • जन्म-मृत्यु पंजीकरण प्रपत्र
  • ग्राम पंचायत के आय-व्यय की पुस्तिका

डीपीआरओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण तेजी से चल रहा है। अभी मात्र छह ग्राम पंचायतों में जमीन को लेकर पेंच फंसा है। संबंधित ब्लाक के बीडीओ को इसको लेकर निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम को भी इस संबंध में पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है ताकि जल्द ही शेष पंचायत घरों का निर्माण भी शुरू कराया जा सके।

संबंधित समाचार