बरेली: 15 दिन बाद भी महाविद्यालयों में नहीं शुरू हो सकी प्रवेश प्रक्रिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने करीब 15 दिन पहले महाविद्यालयों में स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर पोस्टर जारी किया था। 13 जुलाई से महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू होने थे लेकिन अभी तक महाविद्यालयों में प्रवेश शुरू नहीं हो पाए। बताते हैं कि विश्वविद्यालय के द्वारा …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने करीब 15 दिन पहले महाविद्यालयों में स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर पोस्टर जारी किया था। 13 जुलाई से महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू होने थे लेकिन अभी तक महाविद्यालयों में प्रवेश शुरू नहीं हो पाए।

बताते हैं कि विश्वविद्यालय के द्वारा प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश महाविद्यालयों को नहीं दिए हैं और न ही 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सभी रिजल्ट आए हैं। यूजीसी ने भी सभी परिणाम आने के बाद 1 अगस्त से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय ने जल्द प्रवेश प्रक्रिया के निर्देश जारी करने की बात कही है।

12 जुलाई को रुविवि परिसर के शिक्षा विभाग में आयोजित कार्यक्रम में पोस्टर जारी हुआ था। प्रवेश फार्म भरने की प्रस्तावित तिथि 13 जुलाई निर्धारित की थी। 31 जुलाई को प्रस्तावित तिथि समाप्त होने का भी जिक्र था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया था कि जल्द प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित निर्देश महाविद्यालयों को जारी कर दिए जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

बरेली: लगातार बढ़ रही मुख्य परीक्षा छोड़ने वाले छात्रों की संख्या

महाविद्यालयों ने भी बिना 12वीं बोर्ड की परीक्षा के परिणाम के प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने को लेकर असमंजस जाहिर किया था। इसकी वजह से किसी भी महाविद्यालयों द्वारा प्रवेश फार्म नहीं भरवाए गए। दूसरी तरफ 15 जुलाई से शुरू हुई परीक्षाओं के चलते भी महाविद्यालयों में प्रवेश फार्म नहीं भरे जा सके।

जल्द शुरू हो सकते हैं प्रवेश
अब सीआईसीएसई 12वीं के परिणाम शनिवार को आ गए हैं। सीबीएसई और यूपी बोर्ड 12वीं बोर्ड के परिणाम भी आने वाले हैं। परिणाम आने के बाद 1 अगस्त से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके साथ विश्वविद्यालय स्नातक प्रथम व परास्नातक प्रथम वर्ष के छात्रों को प्रोन्नत कर रिजल्ट जारी करने वाला है। स्नातक द्वितीय और परास्नातक अंतिम वर्ष में भी प्रवेश शुरू हो जाएंगे। विश्वविद्यालय ने इस बार प्रवेश प्रक्रिया में भी बदलाव किया है। इस बार महाविद्यालयों को पहले प्रवेश लेना है और फिर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना है।

मेरिट जाएगी हाई
इस बार स्नातक में प्रवेश छात्रों के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि मेरिट हाई जाने वाली हैं। अधिकांश छात्र इस बार 12वीं में पास हो रहे हैं। सीआईएससीई के परिणाम से यह बात साफ हो गई है। इसमें 99 फीसदी से अधिक छात्र पास हुए हैं। इसी तरह का परिणाम सीबीएसई और यूपी बोर्ड भी आएगा। ऐसे में एक-एक सीट पर कई छात्र प्रवेश के लिए आवेदन करेंगे। बरेली कॉलेज जैसे बड़े महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए अधिक मारामारी होगी।

संबंधित समाचार