चम्पावत के बालातड़ी के लाल निर्मल भट्ट ने किया कमाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवेन्द्र चन्द देवा,टनकपुर। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ वहां के दूरस्थ व उपेक्षित गांव से आज कई उभरती प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।कई को मौका मिल रहा है तो आगे बढ़ते जा रहे हैं वही किसी को मौका नहीं मिल पा रहा है तो उनकी प्रतिभा वही दबकर रह जा रही हैं। इन सबसे हटकर चम्पावत जनपद …

देवेन्द्र चन्द देवा,टनकपुर। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ-साथ वहां के दूरस्थ व उपेक्षित गांव से आज कई उभरती प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।कई को मौका मिल रहा है तो आगे बढ़ते जा रहे हैं वही किसी को मौका नहीं मिल पा रहा है तो उनकी प्रतिभा वही दबकर रह जा रही हैं। इन सबसे हटकर चम्पावत जनपद के लधियाघाटी क्षेत्र ग्राम पंचायत बालातड़ी तोक जमलेक से ताल्लुक रखने वाले निर्मल भट्ट को बड़ी उपलब्धि मिली है।

वही चम्पावत के ही पवनदीप राजन भी गायकी के क्षेत्र में इस समय धूम मचा रहे हैं। इधर जनपद चम्पावत के दूरस्थ ग्रामीण अंचल के महज14 साल के निर्मल भट्ट ने एक ऐसे विज्ञापन में अभिनय किया है जो पहलवान बजरंग पूनिया के जीवन पर बना है।इस विज्ञापन में बजरंग पूनिया के बचपन का रोल निर्मल ने किया है। यह विज्ञापन दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक कोका-कोला के मशहूर पेय ब्रांड थंब्स-अप के लिए बनाया गया है।

इस विज्ञापन के लिए आवाज भोजपुरी सिनेमा के नामी कलाकार और गोरखपुर से सांसद रवि किशन द्वारा दी गई है।यह विज्ञापन टोक्यो में चल रहे ओलंपिक को ध्यान में रखकर जारी किया गया हैं। विज्ञापन को थंब्स-अप ने अपने आफिशियल यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया है। अब तक इसके दो वर्जन आ चुके हैं।यही नही

10 लाख से ज्यादा बार इस विज्ञापन को अब तक यूट्यूब पर देखा जा चुका है। इसके अलावा विज्ञापन को टीवी सहित अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखाया जा रहा है।बताया जाता है कि निर्मल का थिएटर से पुराना नाता रहा है। इससे पहले वह तीन बार राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय यानी एनएसडी दिल्ली से एक्टिंग वर्कशॉप कर चुके हैं.

निर्मल अभी दिल्ली में नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं। उनका सपना एक अच्छा कलाकार बनने का है।खाली समय में भी निर्मल घर पर ही अभिनय करते रहते हैं। उनके पिता हरीश भट्ट दिल्ली में शेयर मार्केट से जुड़ा खुद का रोजगार करते हैं। बेटे की इस ,उपलब्धि पर हरीश कहते हैं कि निर्मल अभिनय को लेकर जुनूनी है। हम कोशिश कर रहे हैं कि उसको सही दिशा में आगे बढ़ा पाएं,
सबसे ज्यादा खुश उनकी मां माया देवी है जो अपने बेटे निर्मल का सबसे पहले एक्टिंग वर्कशॉप के लिए फॉर्म भरकर एनएसडी में जमा करने गई थीं।

हिंदी,अंग्रेजी के अलावा निर्मल कुमाउंनी भी अच्छी तरह बोल लेते हैं,वह लगातार पहाड़ आते रहते हैं। निर्मल के पिता हरीश भट्ट ने बताया कि इस विज्ञापन के लिए जब निर्मल को ऑफर मिला तो उस समय वह चम्पावत में ही थे। इस सूचना पर वह आगरा में जाकर तीन दिन तक शूटिंग की। आलिया भट्ट, कियारा आडवाणी, कटरीना कैफ, शाहरुख खान के साथ कई बड़े ब्रांड्स के लिए निर्देशन कर चुके शशांक चतुर्वेदी उर्फ बॉब इस विज्ञापन के डायरेक्टर हैं।

चम्पावत जिले के ही लोक गायक सुरेश राजन के पुत्र पवनदीप राजन ने भी गायकी के क्षेत्र में इन दिनों खासा तहलका मचाया है उनकी गायकी का अन्नू मलिक, हिमेश रेशमिया,कुमार सानू,अभिनेत्री रेखा, संगीतकार प्यारेलाल आदि कलाकारों और गायकारो ने भी सराहना की है। इधर निर्मल और पवनदीप द्वारा अपनी कलाकारी से किए गए बेहतर अभिनय से एक ओर जहां चम्पावत जनपद वासी खुश हैं वही उन्होंने उनके बेहतर अभिनय के लिए दुआएं भी मांगी हैं।

संबंधित समाचार